
बाबा के स्वागत में 20 कुंतल फूलों से सज रहा मंदिर, शीतकालीन गद्दी स्थल में विराजमान होने को लेकर घाटी में उत्सव जैसा माहौल
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। जय बदरी-केदार और बाबा मदमहेश्वर के जयकारों के बीच द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली बुधवार को अपने अंतिम रात्रि प्रवास के लिए गिरिया गांव पहुंच गई। डोली के गांव पहुंचते ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों, पुष्प वर्षा और धार्मिक जयघोष के साथ अपने आराध्य का भव्य स्वागत किया। अब बृहस्पतिवार को बाबा मदमहेश्वर शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान होंगे।
डोली के आगमन को लेकर पूरी मदमहेश्वर घाटी में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। गिरिया गांव में देर शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही। भक्तों ने बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। डोली के साथ चल रहे श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
बाबा मदमहेश्वर के स्वागत को लेकर ओंकारेश्वर मंदिर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंदिर परिसर को करीब 20 कुंतल विभिन्न प्रजातियों के फूलों से सजाया जा रहा है। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर पूजा स्थल तक फूलों से आकर्षक सजावट की जा रही है। मंदिर समिति, हक-हकूकधारी, तीर्थ पुरोहित और स्थानीय श्रद्धालु बाबा के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं।
डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी ने बताया कि बृहस्पतिवार को गिरिया गांव से भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ऊखीमठ के लिए प्रस्थान करेगी। ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भगवान को शीतकालीन गद्दी पर विराजमान किया जाएगा। इसके बाद शीतकाल भर बाबा की पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होगी।
सह डोली प्रभारी दीपक पंवार ने बताया कि डोली आगमन को लेकर ऊखीमठ सहित पूरी मदमहेश्वर घाटी में उत्सव जैसा माहौल है। स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और श्रद्धालुओं में भी बाबा के स्वागत को लेकर खासा उत्साह है। शिक्षाविद देवानंद गैरोला ने कहा कि भगवान मदमहेश्वर की डोली के कैलाश से शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने की परंपरा घाटी की धार्मिक आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

