चमोली जिला योजना को मंजूरी, 74 करोड़ की योजनाओं पर लगी मुहर
केएस असवाल चमोली : जनपद के विकास और रोजगार सृजन को गति देने के लिए रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला योजना समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 74 करोड़ 23 लाख 70 हजार रुपये की वार्षिक जिला योजना को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री ने की।
बैठक में सड़क, पेयजल, सिंचाई, कृषि, उद्यान, पशुपालन, पर्यटन, स्वास्थ्य और शिक्षा समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं को क्लस्टर आधारित मॉडल पर लागू किया जाए और अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।
उन्होंने कृषि विभाग को किसानों को सब्सिडी पर बेहतर कृषि उपकरण उपलब्ध कराने और फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए चैन लिंक फेंसिंग को प्राथमिकता देने को कहा। वहीं उद्यान विभाग को कीवी उत्पादन के बड़े क्लस्टर विकसित करने और मार्केटिंग व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने पशुपालन को पहाड़ की अर्थव्यवस्था के लिए “गेम चेंजर” बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने डेयरी, मत्स्य पालन और सहकारिता क्षेत्र में भी प्रभावी कार्य करने पर जोर दिया।
जिला योजना के तहत लोक निर्माण विभाग को 6.25 करोड़, सिंचाई विभाग को 5.80 करोड़, पेयजल संस्थान को 5.20 करोड़, पर्यटन विभाग को 5.10 करोड़, कृषि विभाग को 4.80 करोड़ और उद्यान विभाग को 5.05 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भी करोड़ों रुपये का प्रावधान किया गया है।
जिलाधिकारी ने बैठक में योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
