संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। विकासखंड ज्योतिर्मठ की ग्राम पंचायत लामबगड़-खीरों में उपप्रधान पद के लिए हुए निर्वाचन में वार्ड संख्या-6 की सदस्य मोनिका रावत को सर्वसम्मति से निर्विरोध उपप्रधान चुना गया। निर्वाचन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

निर्वाचन के बाद पर्यवेक्षक रविन्द्र सेमवाल ने मोनिका रावत को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र सौंपा। ग्राम प्रधान मीना चौहान ने नवनिर्वाचित उपप्रधान सहित सभी वार्ड सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि सर्वसम्मति से हुआ यह निर्वाचन पंचायत में आपसी एकता और लोकतांत्रिक परंपरा का परिचायक है।
उपप्रधान चुने जाने पर ग्रामीणों ने मोनिका रावत का फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि नई उपप्रधान ग्राम पंचायत के विकास कार्यों को गति देने के साथ जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करेंगी।

