
संजय कुंवर गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में चमोली जनपद को 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 113.99 करोड़ रुपये की लागत से 36 योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की लागत से 27 योजनाओं का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चमोली के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सड़क, पुल और बाढ़ सुरक्षा पर विशेष फोकस
शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में जोशीमठ-नीति मार्ग के जुग्जू में स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मोटर मार्ग पर लोह सेतु, चांदनीखाल-रड़वा-काण्डई-रेंसू और विशालखाल-देवीखेत-बांमेश्वर मोटर मार्ग, नंदानगर की 13 पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार, विभिन्न बाढ़ सुरक्षा योजनाएं, मॉडल पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग, सेम-तोप सामुदायिक भवन एवं पार्किंग, राइंका उज्ज्वलपुर भवन, नौटी-चौण्डली-ल्यूथा, हरनीचक-मुन्दोली, थराली-घाट (डुंग्री) सहित कई मोटर मार्ग और स्टील गर्डर सेतु शामिल हैं।
स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और पर्यटन को भी मिली मजबूती
लोकार्पित परियोजनाओं में गैरसैंण मुख्य मार्ग का सौंदर्यीकरण, सेमी-मासों एवं हापला-गुड़म-नैल-नौली मोटर मार्ग, नंदासैंण-मालई मार्ग का डामरीकरण, पोखरी और जिला चिकित्सालय चमोली में स्वास्थ्य भवन, विभिन्न विद्यालयों में पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं और आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी, गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज, पाण्डुकेश्वर सहकारी समिति भवन तथा तेफना-कण्डारा, कुलसारी-गैरवारम और लोल्टी-मालबज्वाड़-पास्तोली मोटर मार्गों का उच्चीकरण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जनपद में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, खेल, पर्यटन, मत्स्य पालन और आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

