
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, करियर काउंसलिंग और राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन
संजय कुंवर जोशीमठ। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, करियर काउंसलिंग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं को शिक्षा, कौशल विकास और समसामयिक शैक्षिक विषयों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यशाला में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के विशेषज्ञ भीम सिंह ने छात्र-छात्राओं को विषय से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने व्यावहारिक गतिविधियों, चर्चा और संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को विषय को समझने के अवसर प्रदान किए। छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने अनुभव और विचार साझा किए।
वक्ताओं ने कहा कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन शिक्षा की गुणवत्ता और समानता को बढ़ावा देने के साथ ही शिक्षकों एवं शैक्षिक संस्थानों की क्षमता बढ़ाने के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। इस तरह की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से इतर व्यावहारिक ज्ञान और नए दृष्टिकोण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यशाला के समापन पर छात्र-छात्राओं ने इसे ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पंकज कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। संचालन डॉ. नवीन पंत ने किया। इस दौरान अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से नितिन बिष्ट, मिनाक्षी, श्रेया और डॉ. किशोरी लाल के अलावा महाविद्यालय के डॉ. विवेक रावत, डॉ. राजेंद्र राणा, डॉ. उपेंद्र सिंह, डॉ. शैलेंद्र सिंह रावत, डॉ. नवीन कोहली, डॉ. शेखर कुमार और डॉ. राहुल मिश्रा समेत शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।

