गौचर : सत्र के पहले ही दिन बच्चों के हाथों में पहुंचीं किताबें

Team PahadRaftar

पोखरी ब्लॉक के स्कूलों में मुफ्त पाठ्यपुस्तक वितरण, नए सत्र की शुरुआत उत्साह के साथ

केएस असवाल

चमोली : नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पहले ही दिन पोखरी ब्लॉक के विद्यालयों में पढ़ाई की मजबूत शुरुआत देखने को मिली। छात्र-छात्राओं के हाथों में नई पाठ्य पुस्तकें पहुंचीं तो स्कूलों में उत्साह और उमंग का माहौल बन गया। निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण योजना के तहत किताबें मिलने से अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली।

एक अप्रैल को राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय, पोखरी में आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सोहनलाल ने बच्चों को नई किताबें वितरित कीं। इस दौरान नवप्रवेशी बच्चों का फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया, जिससे नए सत्र का पहला दिन यादगार बन गया।

ब्लॉक के कई अन्य विद्यालयों में भी इसी उत्साह के साथ पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें अटल उत्कृष्ट पीएम श्री इंटर कॉलेज नागनाथ, रडुवा चांदनीखाल, उच्च प्राथमिक विद्यालय पोखरी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी, प्राथमिक विद्यालय खाल, कुमेड़ा और प्राथमिक विद्यालय करछूना समेत अन्य विद्यालय शामिल रहे।

किताबें आईं और सीधे बच्चों तक पहुंचीं

उप शिक्षा अधिकारी कुमारी नेहा भट्ट ने बताया कि पाठ्यपुस्तकों की खेप हाल ही में प्राप्त हुई थी, जिसे बिना देरी के विद्यालयों तक पहुंचा दिया गया। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे किताबें मिलती जाएंगी, उन्हें तुरंत बच्चों तक पहुंचाने की व्यवस्था पहले से कर ली गई है।

उन्होंने कहा कि सत्र के पहले ही दिन किताबें मिलना बच्चों के लिए बड़ा उत्साहजनक कदम है, जिससे शिक्षा के प्रति छात्र-छात्राओं और अभिभावकों का रुझान और बढ़ा है।

डाइट मेंटर ने भी बांटीं पुस्तकें

इस मौके पर डाइट मेंटर श्रीमती सुमन भट्ट ने भी राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय पोखरी पहुंचकर बच्चों को पुस्तकें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि समय पर किताबें मिलने से शिक्षक पहले दिन से ही पाठ्यक्रम शुरू कर सकेंगे, जिससे बच्चों के शैक्षिक स्तर में सकारात्मक और गुणात्मक सुधार आएगा।

विद्यालयों में प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने भी छात्र-छात्राओं को पुस्तकें वितरित कीं। कार्यक्रम में बीआरपी राजन भट्ट, कुमारी निधि असवाल, सीआरपी कुमारी साधना, कुमारी आयशा, श्रीमती पल्लवी, एसएमसी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।

Next Post

ऊखीमठ : लक्ष्मण शक्ति लीला देख भावुक हुए श्रद्धालु, चन्द्रापुरी में उमड़ा आस्था का सैलाब

संजीवनी प्रसंग बना आकर्षण, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा पूरा क्षेत्र लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : चन्द्रापुरी के हनुमान मोहल्ले में आयोजित रामलीला के नौवें दिन लक्ष्मण शक्ति लीला का भव्य और भावपूर्ण मंचन किया गया। देर रात तक चले मंचन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी […]

You May Like