
संजीवनी प्रसंग बना आकर्षण, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा पूरा क्षेत्र
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : चन्द्रापुरी के हनुमान मोहल्ले में आयोजित रामलीला के नौवें दिन लक्ष्मण शक्ति लीला का भव्य और भावपूर्ण मंचन किया गया। देर रात तक चले मंचन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी पहुंचे। कलाकारों के सजीव अभिनय ने ऐसा समां बांधा कि पूरा वातावरण राममय हो उठा।

लीला के दौरान मेघनाद द्वारा लक्ष्मण को शक्ति बाण लगने और उनके मूर्छित होकर गिरने का दृश्य अत्यंत मार्मिक रहा। इस प्रसंग ने दर्शकों को भावुक कर दिया। वहीं हनुमान द्वारा संजीवनी बूटी लाने का दृश्य पूरे मंचन का सबसे बड़ा आकर्षण बना। जैसे ही मंच पर संजीवनी प्रसंग आया, श्रद्धालुओं के बीच जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से माहौल गूंज उठा।
कलाकारों की संवाद अदायगी, भाव-भंगिमाएं और मंच प्रस्तुति इतनी प्रभावशाली रही कि दर्शक देर तक मंचन से जुड़े रहे। हर दृश्य पर तालियों और जयघोष के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया गया।
नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ रही रामलीला
केदार बद्री श्रम सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित यह रामलीला क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बनी हुई है। आयोजन में पहुंचे राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट और वरिष्ठ भाजपा नेत्री शकुन्तला जगवाण ने कलाकारों के अभिनय और समिति के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और आदर्शों से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी हैं।
समिति की पदाधिकारी विलोचना रावत ने बताया कि रामलीला के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में एकता, श्रद्धा और संस्कारों को मजबूत करते हैं।
इन कलाकारों ने निभाईं प्रमुख भूमिकाएं
रामलीला मंचन के नौवें दिन
आरजू गुसाईं ने राम,
प्रतिभा नेगी ने लक्ष्मण,
भगवान सिंह ने हनुमान,
अनीता चौधरी ने रावण,
कल्पेश्वरी ने मेघनाद,
विजया ने कुंभकरण
और प्रेमलता बिष्ट ने मंत्री की भूमिका निभाई।
संगीत में सत्य सिंह रावत, दीपकुंवर गुसाईं और राधे अमन नेगी ने साथ दिया, जबकि संचालन राजवीर सिंह नेगी ने किया।
इस अवसर पर प्रधान अंजू देवी, संजू देवी, रेखा रावत, जसदेई रावत, सरोजनी खत्री, आशा राणा, आरती नेगी, प्रधानाचार्य अंजू रमोला, पुष्पा, मीना बहुगुणा सहित सैकड़ों रामभक्त मौजूद रहे।

