बदरीनाथ यात्रा से पहले प्रशासन अलर्ट, होटल-व्यापारियों की समस्याओं पर मंथन
डीएम गौरव कुमार ने अधिकारियों को दिए निर्देश, 13 सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा गया

संजय कुंवर
चमोली। आगामी श्री बदरीनाथ धाम यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में बदरीनाथ होटल एसोसिएशन और व्यापार संघ के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा शुरू होने से पहले तीर्थयात्रियों और स्थानीय व्यवसायियों को आने वाली संभावित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विद्युत आपूर्ति, पेयजल संकट, सीवर व्यवस्था, पार्किंग, सड़क एवं पुलों की स्थिति, यातायात प्रबंधन, गैस आपूर्ति, होटल-लॉज पंजीकरण के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था तथा पंजीकरण चेक पोस्ट के स्थानांतरण जैसे अहम मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श हुआ।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं हर हाल में दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि यात्रा को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सके।
बैठक के दौरान बद्रीनाथ होटल एसोसिएशन और व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को श्री बद्रीश संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से 13 सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा। इसमें यात्रा सीजन के दौरान स्थानीय व्यापार, यात्री सुविधाओं और बुनियादी व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्राथमिकता से हल करने की मांग उठाई गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, बदरीनाथ होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता, व्यापार संघ सचिव मनदीप भंडारी समेत अन्य पदाधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
