चमोली : राजबगठी में बाघ का आतंक, गौशाला में घुसकर गाय को मार डाला, बकरी उठा ले गया

Team PahadRaftar

चमोली। जनपद में वन्यजीवों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले भालू की दहशत से परेशान ग्रामीण अब बाघ की दस्तक से सहम गए हैं। विकासखंड नंदानगर के ग्राम पंचायत राजबगठी में सोमवार रात एक बाघ ने गौशाला में घुसकर एक गाय को मार डाला, जबकि एक बकरी को उठाकर ले गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ललिता देवी पत्नी रामलाल की गौशाला में सोमवार देर रात बाघ ने दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। गौशाला के भीतर बंधी ब्याने वाली गाय पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद वह एक बकरी को भी अपने साथ उठा ले गया।

मंगलवार सुबह जब ललिता देवी पशुओं को चारा देने और दूध निकालने के लिए गौशाला पहुंचीं, तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। गौशाला के बाहर गाय मृत अवस्था में पड़ी थी। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जब लोगों ने अंदर जाकर देखा तो एक बकरी भी गायब मिली।

इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्र में बकरी की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बकरी का सिर गौशाला से काफी दूर बरामद हुआ, जिससे बाघ के हमले की पुष्टि हुई। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखा गया।

सूचना मिलने पर वन विभाग रेंज चमोली की टीम मौके पर पहुंची। बीट इंचार्ज शुभम रावत ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और अग्रिम कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, प्रभावित परिवार को मुआवजा देने और वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

इस मौके पर ग्राम प्रधान महावीर रावत, मदन लाल, नरेंद्र लाल, महेशी देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Next Post

गोपेश्वर : 2027 के लिए कांग्रेस ने कसी कमर, चमोली में शुरू हुई सियासी घेराबंदी

गोपेश्वर। चमोली में कांग्रेस ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अब खुलकर अपनी राजनीतिक तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय मोड में लाने और […]

You May Like