गोपेश्वर : 2027 के लिए कांग्रेस ने कसी कमर, चमोली में शुरू हुई सियासी घेराबंदी

Team PahadRaftar

गोपेश्वर। चमोली में कांग्रेस ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अब खुलकर अपनी राजनीतिक तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय मोड में लाने और भाजपा सरकार के खिलाफ जनाक्रोश को मुद्दा बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी ने की।

बैठक में साफ तौर पर यह संदेश दिया गया कि कांग्रेस अब केवल संगठनात्मक बैठकों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर बूथ, हर गांव और हर घर तक पहुंचकर भाजपा सरकार की विफलताओं को राजनीतिक मुद्दा बनाएगी। जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी ने ब्लॉक और नगर कांग्रेस कमेटियों को नियमित रूप से मासिक बैठकें आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि चुनावी जीत की बुनियाद मजबूत संगठन से ही तैयार होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी मोड में आकर जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीर नहीं है और आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। साथ ही महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को भी सरकार की विफलता का बड़ा उदाहरण बताया गया।

बैठक में यह रणनीति भी तय की गई कि भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों, प्रशासनिक विफलताओं और जनसमस्याओं को जिले के हर बूथ तक पहुंचाया जाएगा। बैठक का पूरा स्वर स्पष्ट रूप से चुनावी तैयारी, राजनीतिक सक्रियता और आक्रामक विपक्षी भूमिका का संकेत देता नजर आया।

इस दौरान संगठन के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। बैठक में पीसीसी सदस्य अरविंद नेगी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट, आईटी सेल जिलाध्यक्ष मनोज रावत, नगर अध्यक्ष योगेंद्र बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष विक्रम नेगी, जिला प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी, महेंद्र सिंह, शूरसिंह बिष्ट, मुकुल विष्ट, वीरेंद्र बर्त्वाल, मदन लोहानी, नरेंद्र सिंह सजवाण, हर्षवर्धन नेगी, मोहन नेगी ‘पहाड़ी’, दर्शन लाल, गोवर्धन टम्टा, विक्रम शाह और सुरेशालाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Post

चमोली : गौचर में सम्मान की गूंज, एक ही दिन आठ कार्मिकों को भावभीनी विदाई

विद्यालयों और विभागों में सेवानिवृत्ति समारोहों की धूम, 37 साल की सेवा के बाद शिक्षकों-कर्मचारियों को मिला सम्मान केएस असवाल  गौचर।मंगलवार को गौचर क्षेत्र में सम्मान, संवेदना और आत्मीयता का अनूठा माहौल देखने को मिला। विभिन्न विद्यालयों और विभागों से आठ कार्मिकों के सेवानिवृत्त होने पर जगह-जगह विदाई समारोहों की […]

You May Like