
छात्र संसद शपथ समारोह में गूंजा नेतृत्व और राष्ट्रसेवा का संदेश
संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। सरस्वती विद्या मंदिर में सत्र 2026-27 के छात्र संसद एवं कन्या भारती शपथ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी मोहन प्रसाद जोशी, विशिष्ट अतिथि बदरी सिंह नेगी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य शम्भू प्रसाद चमोला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान नवनिर्वाचित छात्र संसद एवं कन्या भारती के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
मुख्य अतिथि मोहन प्रसाद जोशी ने छात्र संसद के प्रधानमंत्री पद पर ऋषभ राणा, उप प्रधानमंत्री पद पर आदर्श रावत, सेनापति पद पर अमन पाण्डे, उप सेनापति पद पर आरोग्य राणा तथा संसदीय कार्यमंत्री एवं उपमंत्री पद पर आयुषी और लक्ष्मी को शपथ दिलाई। वहीं कार्यक्रम अध्यक्ष शम्भू प्रसाद चमोला ने कन्या भारती अध्यक्ष अंजली रावत एवं सेनापति अनुष्का सती को निष्ठा एवं ईमानदारी की शपथ दिलाई। अन्य परिषदों के प्रमुखों और सांसदों को सामूहिक रूप से राष्ट्रसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई।
मुख्य अतिथि मोहन प्रसाद जोशी ने कहा कि छात्र संसद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। छात्र संसद के प्रधानमंत्री ऋषभ राणा एवं कन्या भारती अध्यक्ष अंजली रावत ने भी अपना पहला संबोधन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन कन्या भारती प्रमुख चंद्रकला परमार ने किया। इस अवसर पर प्रकाश पंवार, मनोज बुटोला, हरेंद्र नेगी, नितिन भट्ट, आशुतोष डोभाल, शशांक सकलानी, संगीता नेगी, आरती नेगी, करिश्मा टम्टा, सलोनी सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
