
महिला मंगलदल और समिति का निर्णय, नरसिंह मंदिर क्षेत्र में नहीं चलेगी शराब
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ। नरसिंह मंदिर वॉर्ड क्षेत्र में सामाजिक व्यवस्था और धार्मिक मर्यादा को बनाए रखने के लिए कड़ा निर्णय लिया गया है। महिला मंगलदल, देव पुजाई समिति और वॉर्ड प्रतिनिधियों की बैठक में सर्वसम्मति से क्षेत्र में शराब के सेवन, बिक्री और परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया गया है।
बैठक महिला मंगलदल अध्यक्षा सुमति राणा, देव पुजाई समिति अध्यक्ष अनिल नंबूरी और वॉर्ड सभा सदस्य दीपक साह की मौजूदगी में संपन्न हुई। निर्णय में कहा गया कि मंदिर क्षेत्र की पवित्रता और सामाजिक वातावरण को सुरक्षित रखने के लिए यह कदम जरूरी है।
निर्धारित किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति शराब पीते, पिलाते या परोसते हुए पाया जाता है तो उस पर ₹51 हजार का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार सामाजिक कार्रवाई भी की जाएगी।
स्थानीय लोगों से इस निर्णय का पालन करने और क्षेत्र में शांति व धार्मिक गरिमा बनाए रखने की अपील की गई है।

