
गिरीश चंदोला थराली। नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा तक स्वीकृत मोटर मार्ग का निर्माण शुरू नहीं होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आक्रोश सामने आया है। सोमवार को नगर पंचायत थराली के सभासदों के शिष्टमंडल ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की।
शिष्टमंडल में शामिल सभासद तेजपाल सिंह गुसाईं, अब्बल सिंह गुसाईं और केदार पंत ने बताया कि ग्वालदम-सिमली राष्ट्रीय राजमार्ग के धारी तोक से नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा मंदिर तक 2.5 किलोमीटर मोटर मार्ग का निर्माण राज्य योजना के तहत 15 दिसंबर 2021 को स्वीकृत हुआ था। विभाग ने सड़क का साइट चयन कर जंबो पिलर भी लगा दिए, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया।
उन्होंने कहा कि सड़क नहीं बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों और सिद्धपीठ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नंदादेवी की उत्सव डोली वर्ष में छह माह तक देवराड़ा मंदिर में प्रवास करती है। इस दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन मोटर मार्ग के अभाव में उन्हें पैदल आवाजाही करनी पड़ती है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह सड़क स्थानीय लोगों की सुविधा के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी नई गति देगी। इसलिए स्वीकृत कार्य को बिना किसी और विलंब के शुरू किया जाना चाहिए।
इस पर अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर नियमानुसार सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

