
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। मद्महेश्वर यात्रा मार्ग पर सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। बनातोली स्थित मोरखम्मा नदी के किनारे ट्रॉली में बैठने से पहले उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी 24 वर्षीय तीर्थयात्री अंजुल कुमार अचानक संतुलन खो बैठा और गहरी ढलान की ओर गिर गया। सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन एवं राहत दल ने मौके पर पहुंचकर कठिन रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद यात्रा मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल ने दुर्गम और जोखिमपूर्ण क्षेत्र में उतरकर घायल तक पहुंच बनाई। कड़ी मशक्कत के बाद अंजुल कुमार को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार घायल के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जाएगा।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने एक बार फिर मोरखम्मा नदी पर स्थायी पुल निर्माण की मांग उठाई। उनका कहना है कि वर्षों से पुल का निर्माण लंबित होने के कारण श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को अस्थायी ट्रॉली व लकड़ी के पुल के सहारे आवाजाही करनी पड़ रही है, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से मद्महेश्वर यात्रा मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और मोरखम्मा नदी पर शीघ्र स्थायी पुल का निर्माण शुरू कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
फैक्ट फाइल
- स्थान: बनातोली, मद्महेश्वर यात्रा मार्ग
- घायल: अंजुल कुमार (24), मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
- घटना: मोरखम्मा नदी किनारे फिसलकर गहरी ढलान में गिरा
- बचाव: आपदा प्रबंधन एवं राहत दल ने सुरक्षित रेस्क्यू किया
- मांग: मोरखम्मा नदी पर स्थायी पुल और यात्रा मार्ग पर बेहतर सुरक्षा व्यवस्था

