चमोली : आशीष नेगी को यूकेडी ने किया प्रत्याशी घोषित, कार्यकर्ताओं ने गौचर में किया भव्य स्वागत

Team PahadRaftar

क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का मुद्दा रहेगा प्रमुख

केएस असवाल

गौचर (चमोली)। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की ओर से आशीष नेगी को प्रत्याशी नामित किए जाने के बाद पार्टी ने क्षेत्र में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। प्रत्याशी के गौचर पहुंचने पर सांगठनिक जिला चंद्रनगर गैरसैंण के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-दमाऊ, फूल-मालाओं और नारों के बीच हुए स्वागत कार्यक्रम को पार्टी ने आगामी राजनीतिक अभियान की शुरुआत के रूप में देखा।

कार्यक्रम में उक्रांद पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने और संगठन को एकजुट करने पर जोर दिया। जिलाध्यक्ष जमन सिंह मनेशा ने कहा कि आशीष नेगी को प्रत्याशी नामित किया जाना संगठन के लिए महत्वपूर्ण निर्णय है। दल जल, जंगल, जमीन, रोजगार, पलायन, स्वास्थ्य और शिक्षा के सवालों को प्रमुखता से उठाएगा। स्थायी राजधानी गैरसैंण का मुद्दा भी पार्टी के राजनीतिक एजेंडे में प्रमुख रहेगा।

युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने कहा कि प्रत्याशी के समर्थन में युवा कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हक-हकूकों और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर युवाओं की आवाज जनता तक पहुंचाई जाएगी।

राजनीतिक दृष्टि से उक्रांद के सामने अब प्रत्याशी के समर्थन में संगठन को सक्रिय करने और क्षेत्रीय मुद्दों को चुनावी बहस के केंद्र में लाने की चुनौती होगी। स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच पार्टी पदाधिकारियों ने आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस मौके पर नगर अध्यक्ष नवीन पुजारी, गैरसैंण ब्लॉक अध्यक्ष जय नेगी, केंद्रीय युवा प्रकोष्ठ संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह बिष्ट, केंद्रीय सचिव युवा उक्रांद राजा सिंह, गिरीश सिरसवाल, मुकेश कुंवर, विकेंद्र खत्री, संजय बहुगुणा, रोहित बहुगुणा, शुभम चौहान, अनिल बिष्ट, पंकज बिष्ट और बलवीर सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like