जोशीमठ : राष्ट्रीय एकता दिवस पर छात्र-छात्राओं ने लगाई एकता की दौड़, चलाया स्वच्छता अभियान

Team PahadRaftar

ज्योतिर्मठ महाविद्यालय में एनएसएस और एनसीसी का एक दिवसीय शिविर, नशामुक्ति के लिए भी किया जागरूक

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्योतिर्मठ में शनिवार को एनएसएस, एनसीसी, एंटी ड्रग सेल और नमामि गंगे इकाई के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ लेने के साथ यूनिटी रन में प्रतिभाग किया। वहीं महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विवेक रावत ने छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाकर किया। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी डॉ. राजेन्द्र सिंह ने जागरूकता व्याख्यान में कहा कि राष्ट्रीय एकता देश की शक्ति और प्रगति का आधार है। युवाओं को जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना अपनाने का आह्वान किया।

शिविर के दौरान एनएसएस स्वयंसेवियों और एनसीसी कैडेटों ने महाविद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया। परिसर के विभिन्न स्थानों की सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही यूनिटी रन के माध्यम से सामाजिक सद्भाव और एकजुटता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में 40 एनसीसी कैडेटों सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : बाल विवाह के खिलाफ छात्राओं ने ली शपथ, जागरूकता का दिया संदेश

सुरक्षित बचपन अभियान के तहत गौचर में आयोजित हुआ कार्यक्रम केएस असवाल गौचर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए बाल विकास विभाग की ओर से चलाए जा रहे सुरक्षित बचपन अभियान के तहत पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के […]

You May Like