पौड़ी : मिठाई की नारियल बर्फी में मिला कीड़ा, खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए सैंपल

Team PahadRaftar

करवा चौथ पर खरीदी थी आधा किलो मिक्स मिठाई, जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

पौड़ी। शहर के बस स्टेशन स्थित एक प्रतिष्ठित मिठाई की दुकान से खरीदी गई मिठाई में कीड़ा मिलने की शिकायत से खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। करवाचौथ के लिए खरीदी गई आधा किलो मिक्स मिठाई की नारियल बर्फी में करीब एक इंच लंबा कीड़ा मिलने का दावा किया गया है। शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संबंधित दुकान का निरीक्षण कर मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।

वरिष्ठ पत्रकार एवं शिकायतकर्ता जसपाल नेगी ने बताया कि उन्होंने बीते बृहस्पतिवार को करवाचौथ के लिए बस स्टेशन स्थित फ्रंटियर होटल से आधा किलो मिक्स मिठाई खरीदी थी। घर पहुंचकर मिठाई का डिब्बा खोलने पर नारियल बर्फी में कीड़ा दिखाई दिया। इस पर उन्होंने तत्काल दुकानदार से शिकायत की, लेकिन दुकानदार ने उनकी शिकायत को खारिज कर दिया। इसके बाद उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग में मामले की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद विभागीय टीम ने दुकान पहुंचकर निरीक्षण किया और मिठाइयों के नमूने एकत्र किए। सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल ने बताया कि सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता में कमी की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : बच्चों को दी कानूनी अधिकारों और सुरक्षा की जानकारी, पॉक्सो कानून के प्रति किया जागरूक

गुप्तकाशी के डॉ. जैक्स वीन नेशनल स्कूल में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित, गुड टच-बैड टच और साइबर सुरक्षा के बताए उपाय लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। बच्चों को उनके अधिकारों, कानूनी संरक्षण और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुप्तकाशी स्थित डॉ. जैक्स वीन नेशनल स्कूल […]

You May Like