
बदरीनाथ, संजय कुंवर संवाददाता। वैश्विक स्तर पर तेल और गैस आपूर्ति को लेकर चल रही चुनौतियों के बीच उत्तराखंड की चारधाम यात्रा पूरे शबाब पर है। भगवान बदरीविशाल के दर पर श्रद्धालुओं की आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा है कि अब तक 10 लाख 85 हजार से अधिक श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं। यात्रा सीजन के डेढ़ माह के भीतर ही यह आंकड़ा नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।
यात्रा शुरू होने से पहले आशंका जताई जा रही थी कि तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से चारधाम यात्रा पर असर पड़ सकता है, लेकिन बदरीनाथ धाम में गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की नियमित आपूर्ति ने इन आशंकाओं को गलत साबित कर दिया। स्थानीय होटल व्यवसायियों, ढाबा संचालकों और व्यापारियों को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए, जबकि पेट्रोल पंपों पर भी वाहनों के लिए ईंधन की पर्याप्त व्यवस्था बनी रही।
यात्रा के दौरान बेहतर व्यवस्थाओं का असर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या में साफ दिखाई दे रहा है। धाम में लगातार बढ़ रही यात्रियों की आमद से होटल कारोबारियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों के चेहरे खिले हुए हैं। जून माह में तीर्थाटन ने नई ऊंचाइयों को छुआ है और यात्रा पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रफ्तार पकड़ती नजर आ रही है।
चारधाम होटल एसोसिएशन बदरीनाथ के अध्यक्ष राजेश मेहता ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के साथ-साथ प्रशासन की बेहतर व्यवस्थाओं के कारण चारधाम यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर और ईंधन की निर्बाध आपूर्ति से यात्रियों और कारोबारियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। यही कारण है कि चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
उन्होंने सफल यात्रा संचालन के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रा अभी चरम पर है और आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

