विदेश मंत्रालय (WII) का 18 सदस्यीय दल पहुंचा गोविंदघाट, हेमकुंड व वैली ऑफ फ्लावर्स के संरक्षण कार्यों की ली जानकारी
प्लास्टिक मुक्त अभियान, वेस्ट मैनेजमेंट और वन्यजीव संरक्षण से प्रभावित हुआ विदेशी दल
जोशीमठ/चमोली। वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (WII) के तत्वाधान में विदेश मंत्रालय का 18 सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय दल मंगलवार को गोविंदघाट पहुंचा। यहां गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के सीनियर मैनेजर सरदार सेवा सिंह ने दल का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें श्री हेमकुंड साहिब और गोविंद धाम की धार्मिक परंपराओं व यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।

इसके बाद गोविंदघाट रेंज की वन क्षेत्राधिकारी चेतना काण्डपाल के नेतृत्व में दल ने ईको डेवलपमेंट कमेटी (EDC) पुलना-भ्यूंडार का भ्रमण किया। इस दौरान EDC अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान और प्रसिद्ध प्रकृतिविद एवं नेचर फोटोग्राफर भरत सिंह चौहान ने दल को विश्व प्राकृतिक धरोहर वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क और हेमकुंड-लोकपाल घाटी में चल रहे संरक्षण कार्यों से अवगत कराया।

दल के सदस्यों को बताया गया कि क्षेत्र में प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, प्लास्टिक कूड़ा निस्तारण, घोड़ा-खच्चर संचालन का नियमन और आस्था पथ की स्वच्छता को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन पहलों ने स्थानीय पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
भ्रमण के दौरान दल हनुमान चट्टी तक गया, जहां उन्हें वन्यजीवों के दर्शन भी हुए। विशेष रूप से हिमालयन थार के बड़े झुंड को स्वच्छंद विचरण करते देख विदेशी सदस्य काफी उत्साहित नजर आए।
वन क्षेत्राधिकारी चेतना काण्डपाल ने बताया कि दल ने क्षेत्र में किए जा रहे संरक्षण कार्यों की सराहना करते हुए इसे सतत पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
