ऊखीमठ : ऊखीमठ में क्षेत्र पंचायत की बैठक में बांटे एक्सपायर बिस्कुट, सात दिन पहले ही खत्म हो चुकी थी वैधता

Team PahadRaftar

जिला विकास अधिकारी की मौजूदगी में उजागर हुई लापरवाही, जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल तो अधिकारियों में मचा हड़कंप

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। ब्लॉक सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की त्रैमासिक बैठक में जनप्रतिनिधियों को एक्सपायर बिस्कुट वितरित किए जाने का मामला सामने आया है। बिस्कुट की वैधता अवधि सात दिन पहले ही समाप्त हो चुकी थी। जिला विकास अधिकारी की मौजूदगी में हुई इस लापरवाही का खुलासा होने पर सदन में हड़कंप मच गया। जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताते हुए जलपान व्यवस्था की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।

जानकारी के अनुसार, ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत प्रमुख की अध्यक्षता में त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान मौजूद थे। इस दौरान जलपान के लिए जनप्रतिनिधियों को बिस्कुट के पैकेट वितरित किए गए। इसी बीच एक जनप्रतिनिधि की नजर पैकेट पर अंकित वैधता तिथि पर पड़ी। जांच करने पर पता चला कि बिस्कुट की वैधता सात दिन पहले ही समाप्त हो चुकी थी।

मामला सामने आते ही जनप्रतिनिधियों ने सदन में सवाल उठाने शुरू कर दिए। उन्होंने पूछा कि बैठक के लिए एक्सपायर बिस्कुट किस स्तर से खरीदे गए और बिना जांच के उन्हें जनप्रतिनिधियों के बीच कैसे वितरित कर दिया गया। जिला विकास अधिकारी की मौजूदगी में मामला उजागर होने से अधिकारियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।

जनप्रतिनिधियों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की। उनका कहना था कि सरकारी बैठकों में जनप्रतिनिधियों के लिए की जाने वाली जलपान व्यवस्था में ही खाद्य सामग्री की वैधता और गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। ऐसे में आम जनता के लिए संचालित योजनाओं की गुणवत्ता और निगरानी पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।

गौरतलब है कि बैठक में पहले से ही अधिकारियों की अनुपस्थिति और विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर जनप्रतिनिधियों में नाराजगी थी। ऐसे में एक्सपायर बिस्कुट वितरित किए जाने की घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था की लापरवाही को उजागर कर दिया। अब जनप्रतिनिधियों की नजर इस बात पर है कि जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : गौचर के संदीप रावत बने एयरफोर्स एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष

37 वर्षों तक भारतीय वायुसेना में दी सेवाएं, विशिष्ट सेवा मेडल से हो चुके हैं सम्मानित केएस असवाल गौचर (चमोली)। चमोली जिले के गौचर निवासी एयर वाइस मार्शल संदीप रावत (सेवानिवृत्त) को एयरफोर्स एसोसिएशन उत्तराखंड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने 25 नवंबर को देहरादून में अध्यक्ष पद की […]

You May Like