
मोली-रोइंठा में 3.2 किमी सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों ने शुरू किया श्रमदान, महिला मंगल दलों ने भी संभाले गैती-फावड़े
केएस असवाल
कर्णप्रयाग (चमोली) : पहाड़ के गांवों में सड़क की मांग को लेकर अक्सर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन होते हैं, लेकिन कर्णप्रयाग विकासखंड की ग्राम सभा मोली-रोइंठा के ग्रामीणों ने एक अनूठी पहल की है। सरकारी इंतजार छोड़ ग्रामीणों ने खुद ही गांव तक सड़क पहुंचाने का बीड़ा उठा लिया है। गुरुवार को ग्रामीणों ने करीब 3.2 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए भूमि पूजन कर श्रमदान शुरू किया।
ग्राम प्रधान कुसुम देवी पुंडीर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में गांव के महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच ग्रामीण पारंपरिक अंदाज में गैती और फावड़े लेकर सड़क निर्माण के लिए निकले। इस दौरान महिला और पुरुषों ने मिलकर श्रमदान किया। गांव में सड़क निर्माण की शुरुआत को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क गांव की सबसे बड़ी जरूरत है। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को आवागमन सहित कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से सड़क की उम्मीद लगाए ग्रामीणों ने अब सामूहिक प्रयास से इस दिशा में कदम बढ़ाया है।
इस मौके पर अवतार सिंह पुंडीर, दर्शन सिंह पुंडीर, यदुवीर सिंह पुंडीर, राजेंद्र सिंह पुंडीर, कमला सिंह पुंडीर, जसपाल सिंह पुंडीर, रामा सिंह पुंडीर, दिनेश सिंह पुंडीर, शिशुपाल सिंह पुंडीर, लखपत सिंह रावत, सुखवीर सिंह पुंडीर, भूपेंद्र सिंह पुंडीर, प्रदीप सिंह पुंडीर, सुरेंद्र सिंह पुंडीर, मोहित सिंह पुंडीर, प्रवीन सिंह पुंडीर, उमेश सिंह पुंडीर, संजय सिंह पुंडीर, बीना देवी, ऊमा देवी, फागुनी देवी, देवेश्वरी देवी, मीरा देवी, चंदन सिंह कठैत, कल्पेश्वरी देवी, मधु देवी, पंकज असवाल, ऊषा देवी, नीमा देवी, पुष्पा देवी, संगीता देवी, रोहिता, गणेशी देवी, दर्शनी देवी, गुड्डी देवी, आशीष रावत, देवेंद्र सिंह रावत और नरेंद्र सिंह पुंडीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों की इस पहल ने सामूहिक एकजुटता और श्रमदान की मिसाल पेश की है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि भी आगे आकर सड़क निर्माण के लिए तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग देंगे, जिससे गांव तक सड़क पहुंचाने का सपना साकार हो सके।

