ऊखीमठ : क्रौंच पर्वत तीर्थ में देव दीपावली के रूप में मना वैकुंठ चतुर्दशी और कार्तिक पूर्णिमा पर्व

Team PahadRaftar

अखण्ड जागरण में रातभर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, चारों पहर हुई विशेष आरती, 33 कोटि देवी-देवताओं का किया आवाहन

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। देव सेनापति भगवान कार्तिकेय की तपस्थली क्रौंच पर्वत तीर्थ में वैकुंठ चतुर्दशी और कार्तिक पूर्णिमा का पर्व देव दीपावली के रूप में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। वैकुंठ चतुर्दशी की रात्रि आयोजित अखण्ड जागरण में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रातभर भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा तीर्थ परिसर भक्तिमय बना रहा। इस दौरान चारों पहर विशेष आरती कर भगवान कार्तिकेय सहित 33 कोटि देवी-देवताओं का आवाहन किया गया।

वैकुंठ चतुर्दशी पर्व पर सुबह से ही क्रौंच पर्वत तीर्थ में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने भगवान कार्तिकेय के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। रात्रि में आयोजित अखण्ड जागरण में श्रद्धालुओं ने पूरी रात भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान का स्मरण किया। चारों पहर हुई विशेष आरतियों में बड़ी संख्या में भक्तों ने सहभागिता की। प्रत्येक पहर की आरती के साथ मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

देव दीपावली के रूप में मनाए गए इस पर्व पर श्रद्धालुओं ने भगवान कार्तिकेय के चरणों में शीश नवाकर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं लोक कल्याण की कामना की। पूरी रात मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही।

कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भी क्रौंच पर्वत तीर्थ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने तीर्थ पहुंचकर पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाई और भगवान कार्तिकेय के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने सुख-शांति और मंगलमय जीवन की कामना की।

उन्होंने कहा कि कार्तिक मास के समापन पर आयोजित धार्मिक आयोजनों ने क्रौंच पर्वत तीर्थ में आस्था, श्रद्धा और लोक परंपराओं का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। वैकुंठ चतुर्दशी की रात्रि का अखण्ड जागरण और कार्तिक पूर्णिमा का पवित्र स्नान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहे।

Leave a Reply

Next Post

नारायणबगड़ : शौर्य महोत्सव में लोकसंस्कृति की धूम, पुस्तक में संजोया मध्य कड़ाकोट का गौरवशाली इतिहास

महिला मंगल दलों के लोकगीतों पर झूमे दर्शक, पौराणिक गाथाओं और वीर सैनिकों के योगदान पर आधारित पुस्तक का विमोचन केएस असवाल  नारायणबगड़। देश के प्रथम विक्टोरिया क्रॉस विजेता वीर शिरोमणि वीसी दरवानसिंह नेगी की स्मृति में खैतोलीखाल में आयोजित चार दिवसीय राजकीय शौर्य महोत्सव के दूसरे दिन लोकसंस्कृति और […]

You May Like