ऊखीमठ : 16 साल बाद रांसी में आयोजित बगडवाल नृत्य का जीतू बगडवाल हरण के साथ भावुक समापन

Team PahadRaftar

28 दिनों तक भक्तिमय रहा मदमहेश्वर घाटी का माहौल, वीरगाथा के अंतिम प्रसंग पर महिलाओं और घियाणियों की छलक उठीं आंखें

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ :  भगवती राकेश्वरी की तपस्थली रांसी गांव में 16 वर्षों बाद आयोजित ऐतिहासिक बगडवाल नृत्य का समापन जीतू बगडवाल हरण के मार्मिक प्रसंग के साथ हुआ। लोकगाथा के अंतिम दृश्य के मंचन के दौरान माहौल भावुक हो गया। जीतू बगडवाल की प्रेम, समर्पण, शौर्य और वीरता की गाथा सुनकर वहां मौजूद महिलाओं और घियाणियों की आंखें छलक उठीं। 28 दिनों तक चले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुष्ठान ने समूची मदमहेश्वर घाटी को भक्तिमय बनाए रखा।

समापन अवसर पर जीतू बगडवाल हरण का प्रसंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। लोकगीतों, जागरों और पारंपरिक नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत इस मार्मिक गाथा ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। इस दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ प्रवासियों और दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी आयोजन में भागीदारी निभाई।

राकेश्वरी मंदिर समिति के अध्यक्ष मदन भट्ट ने कहा कि 16 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद रांसी में बगडवाल नृत्य का आयोजन पूरी मदमहेश्वर घाटी के लिए गौरव का विषय रहा। 28 दिनों तक चले इस अनुष्ठान ने नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और पारंपरिक विरासत से जुड़ने का अवसर दिया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और प्रवासियों का आभार जताया।

मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष जगत सिंह पंवार ने कहा कि बगडवाल नृत्य महज मनोरंजन नहीं, बल्कि लोक आस्था, सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों से मिली विरासत का जीवंत स्वरूप है। ऐसे आयोजन गांवों की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं।

बदरी-केदार मंदिर समिति के पूर्व सदस्य शिव सिंह रावत ने कहा कि जीतू बगडवाल की वीरगाथा उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति में विशेष स्थान रखती है। बगडवाल नृत्य के माध्यम से इस गाथा का पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षण होता आया है। रांसी में आयोजित अनुष्ठान ने धार्मिक आस्था के साथ लोक सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश दिया है।

सामाजिक कार्यकर्ता रणजीत रावत ने कहा कि 16 वर्षों बाद आयोजित बगडवाल नृत्य का भावुक समापन मदमहेश्वर घाटी के लिए यादगार बन गया है। 28 दिनों तक गांव में गूंजते लोकगीतों, जागरों और पारंपरिक नृत्य की स्वर लहरियां भले ही थम गई हों, लेकिन जीतू बगडवाल की वीरगाथा और इस आयोजन की स्मृतियां लंबे समय तक क्षेत्रवासियों के दिलों में जीवंत रहेंगी।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : धारीनगर में श्रीराम फिलिंग स्टेशन का शुभारंभ, क्षेत्रवासियों को मिलेगी पेट्रोल-डीजल की सुविधा

पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ प्रतिष्ठान, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और व्यापारियों ने पहुंचकर दी शुभकामनाएं गौचर। नगर पालिका गौचर के धारीनगर में मंगलवार को श्रीराम फिलिंग स्टेशन का विधिवत पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ शुभारंभ हुआ। फिलिंग स्टेशन के शुरू होने से गौचर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के […]

You May Like