थराली : वेतन से 11 हजार रुपये देकर थानाध्यक्ष ने पेश की गोसेवा की मिसाल

Team PahadRaftar

सूना गांव के गौ सदन में रह रहे 42 गोवंशों के चारे और पौष्टिक आहार के लिए किया सहयोग, आमजन से भी की अपील

गिरीश चंदोला, थराली : निराश्रित गोवंशों की सेवा और उनके संरक्षण के लिए थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने सराहनीय पहल की है। उन्होंने सूना गांव स्थित गौ सदन में आश्रय ले रहे 42 गोवंशों के भरण-पोषण और चारे की व्यवस्था के लिए अपने वेतन से 11 हजार रुपये की धनराशि सहयोग स्वरूप दी है।

थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने यह धनराशि सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह को सौंपी। साथ ही क्षेत्रवासियों से भी गौ सदन के संचालन और निराश्रित गोवंशों के भरण-पोषण में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कई लोग गाय का दूध लेने के बाद उन्हें बेसहारा सड़कों पर छोड़ देते हैं, जो चिंताजनक है। इससे जहां गोवंशों के सामने भोजन और सुरक्षा का संकट खड़ा होता है, वहीं सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने पशुपालकों से अपने पालतू पशुओं को सड़कों पर नहीं छोड़ने की अपील की।

सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह ने बताया कि थराली विकासखंड के सूना गांव स्थित गौ सदन में वर्तमान में 42 गोवंशों को आश्रय दिया गया है। सामाजिक कार्यकर्ता प्रेमचंद देवराड़ी और गौ सदन के अन्य सदस्य निस्वार्थ भाव से इनकी देखभाल कर रहे हैं। गोवंशों के लिए नियमित रूप से चारा, भूसा और पौष्टिक आहार की व्यवस्था की जाती है। इसके संचालन में क्षेत्रीय लोग भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष की ओर से मिली 11 हजार रुपये की धनराशि गोवंशों के चारे और अन्य जरूरी आहार की व्यवस्था में खर्च की जाएगी। गंगा सिंह ने क्षेत्रवासियों से गौ सदन की इस मुहिम में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को सड़क पर निराश्रित गोवंश घूमते दिखाई दें तो इसकी सूचना गौ सदन को दें, ताकि उन्हें सुरक्षित आश्रय और उचित देखभाल मिल सके।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : 16 साल बाद रांसी में आयोजित बगडवाल नृत्य का जीतू बगडवाल हरण के साथ भावुक समापन

28 दिनों तक भक्तिमय रहा मदमहेश्वर घाटी का माहौल, वीरगाथा के अंतिम प्रसंग पर महिलाओं और घियाणियों की छलक उठीं आंखें लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ :  भगवती राकेश्वरी की तपस्थली रांसी गांव में 16 वर्षों बाद आयोजित ऐतिहासिक बगडवाल नृत्य का समापन जीतू बगडवाल हरण के मार्मिक प्रसंग के साथ हुआ। […]

You May Like