
महिला मंगल दलों के लोकगीतों पर झूमे दर्शक, पौराणिक गाथाओं और वीर सैनिकों के योगदान पर आधारित पुस्तक का विमोचन
केएस असवाल
नारायणबगड़। देश के प्रथम विक्टोरिया क्रॉस विजेता वीर शिरोमणि वीसी दरवानसिंह नेगी की स्मृति में खैतोलीखाल में आयोजित चार दिवसीय राजकीय शौर्य महोत्सव के दूसरे दिन लोकसंस्कृति और इतिहास की अनूठी झलक देखने को मिली। महिला मंगल दलों की पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं मध्य कड़ाकोट की पौराणिक गाथाओं और वीर सैनिकों के योगदान पर आधारित पुस्तक के विमोचन ने समारोह को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व क्षेत्रीय विधायक डॉ. जीतराम ने वीसी दरवानसिंह नेगी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि वीर दरवानसिंह नेगी का अदम्य साहस और देश के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपने क्षेत्र के वीर सपूतों के इतिहास से जोड़ने के साथ लोकसंस्कृति के संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
लोकगीतों पर झूमे दर्शक
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महिला मंगल दल जखपाटियों, कफारतीर, चिरखुन, चोपता, भटियाना और रैंस की महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। पहाड़ी वेशभूषा में सजी महिलाओं ने लोकसंस्कृति के विविध रंग बिखेरे। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शक भी झूमने को मजबूर हो गए। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
पुस्तक में दर्ज हुआ क्षेत्र का गौरवशाली अतीत
महोत्सव में रैंस गांव के पूर्व प्रधानाचार्य महिताप सिंह सजवाण द्वारा लिखित पुस्तक ‘पौराणिक गाथाओं एवं वीर सैनानियों का गढ़ : मध्य कड़ाकोट’ का विमोचन पूर्व विधायक डॉ. जीतराम ने किया।
पुस्तक में मध्य कड़ाकोट की पौराणिक गाथाओं, धार्मिक मान्यताओं और ऐतिहासिक विरासत को संकलित किया गया है। इसमें भूमियाल देवता, नौणी देवी, नंदा देवी भारकोट, झली-माली मंदिर और लव-कुश मंदिर से जुड़े पौराणिक प्रसंगों के साथ क्षेत्र के सैनिकों की वीरता और योगदान का उल्लेख है। स्वतंत्रता से पूर्व सैनिकों की भूमिका, आजादी के बाद राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान और उत्तराखंड राज्य आंदोलन में क्षेत्रवासियों की भागीदारी को भी पुस्तक में स्थान दिया गया है।
डॉ. जीतराम ने लेखक के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के इतिहास, धार्मिक विरासत और वीर सैनिकों के योगदान को पुस्तक के रूप में संरक्षित करना सराहनीय पहल है। इससे नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के संघर्ष और क्षेत्र की गौरवशाली परंपराओं को जानने का अवसर मिलेगा।
स्वास्थ्य शिविर में लोगों ने कराया परीक्षण
महोत्सव में विभिन्न सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं मेट्रो हॉस्पिटल हरिद्वार की ओर से लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।
इस अवसर पर वीसी दरवानसिंह नेगी के पौत्र ब्रिगेडियर नितिन नेगी, आयोजन समिति अध्यक्ष लखपत सिंह नेगी, उपाध्यक्ष दिलवर नेगी, सचिव गंभीर सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष हरीश जोशी, मोहन सिंह रावत, ग्राम प्रधान कफारतीर गंभीर सिंह नेगी, जीआरआरसी के कर्नल मनोज उनियाल तथा सिख रेजिमेंट रुद्रप्रयाग और लैंसडौन के प्रतिनिधियों सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन गजपाल सिंह नेगी और मोहन सिंह रावत ने किया।
