ऊखीमठ : कल खुलेंगे द्वितीय केदार मदमहेश्वर धाम के कपाट, गौण्डार पहुंची उत्सव डोली

Team PahadRaftar

कल खुलेंगे द्वितीय केदार मदमहेश्वर धाम के कपाट, गौण्डार पहुंची उत्सव डोली

ऊखीमठ, लक्ष्मण नेगी। द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली बुधवार को सैकड़ों श्रद्धालुओं की जयकारों, महिलाओं के मंगल गीतों और स्थानीय वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के साथ अंतिम रात्रि प्रवास के लिए गौण्डार गांव पहुंच गई। गुरुवार को ब्रह्म बेला में डोली गौण्डार से रवाना होकर विभिन्न यात्रा पड़ावों पर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देती हुई मदमहेश्वर धाम पहुंचेगी। डोली के धाम पहुंचने पर भगवान मदमहेश्वर के कपाट वेद ऋचाओं और विधि-विधान के साथ ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए जाएंगे।

बुधवार सुबह मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव शंकर लिंग ने राकेश्वरी मंदिर रांसी में पंचांग पूजन के तहत भगवान मदमहेश्वर, भगवती राकेश्वरी सहित तैंतीस कोटि देवी-देवताओं का आवाहन कर आरती उतारी। ठीक सुबह 7:15 बजे चल विग्रह उत्सव डोली राकेश्वरी मंदिर से गौण्डार गांव के लिए रवाना हुई तो श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

डोली ने राकेश्वरी मंदिर की तीन परिक्रमा की। इस दौरान ग्रामीणों ने लाल-पीले वस्त्र अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने पौराणिक जागरों के गायन के साथ डोली को अकतोली धार तक विदाई दी। गौण्डार गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पूजा सामग्रियों से डोली का स्वागत कर मनौतियां मांगी।

गुरुवार को भगवान मदमहेश्वर की उत्सव डोली बनतोली, खटारा, नानौ, मैखम्भा और कूनचट्टी यात्रा पड़ावों पर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देती हुई मदमहेश्वर धाम पहुंचेगी। मंदिर समिति ने कपाट खोलने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालु डोली की अगुवाई कर रहे हैं। वहीं तीर्थ यात्रियों की आवाजाही बढ़ने से मदमहेश्वर घाटी के यात्रा पड़ावों पर रौनक लौटने लगी है।

इस अवसर पर बदरी-केदार मंदिर समिति के प्रह्लाद पुष्वाण, पूर्व सदस्य शिव सिंह रावत, प्रधान अनूप पंवार, पूर्व प्रधान कुंती नेगी, फते सिंह पंवार, रवीन्द्र भट्ट, जगत सिंह पंवार, दलीप रावत, रणजीत रावत, नारायण दत्त जुयाल, राहुल कुमार, दिग्विजय रावत और रघुवीर बर्त्वाल सहित देश-विदेश के सैकड़ों श्रद्धालु, हक-हकूकधारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : कीर्ति चक्र विजेता शहीद सुरजन सिंह भंडारी को श्रद्धांजलि

कीर्ति चक्र विजेता शहीद सुरजन सिंह भंडारी को श्रद्धांजलि केएस असवाल गौचर। विकासखंड पोखरी के रानों गांव में मंगलवार को कीर्ति चक्र विजेता शहीद एनएसजी कमांडो सुरजन सिंह भंडारी की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान परिजनों, ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों और जनप्रतिनिधियों ने शहीद स्मारक पर […]

You May Like