
युवा, संविधान और विकसित भारत 2047 विषय पर आयोजित हुई भाषण प्रतियोगिता
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में संविधान दिवस पर राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं को संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान की प्रस्तावना के वाचन और उसके आदर्शों के प्रति निष्ठा की शपथ के साथ हुआ। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विवेक रावत ने विद्यार्थियों को संविधान की गरिमा बनाए रखने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर ‘युवा, संविधान और विकसित भारत 2047’ विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में बीए तृतीय सेमेस्टर के सीमांत सिंह फर्स्वाण ने प्रथम और निधि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, संविधान विषय पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भी सीमांत सिंह फर्स्वाण प्रथम रहे। निधि ने दूसरा तथा देव और अंशिका ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंह ने कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, समानता और न्याय का आधार है। युवाओं को संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की विशेषताओं से भी अवगत कराया।
भाषण प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. नेपाल सिंह, डॉ. अर्चना कुकरेती और डॉ. किशोरी लाल शामिल रहे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन डॉ. शेखर कुमार एवं डॉ. राहुल मिश्रा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

