देहरादून : एक मंच पर सिमटी हिमालय की खाद्य विरासत, एक हजार से अधिक देशज बीजों की प्रदर्शनी

Team PahadRaftar

मियावाला में हिमालयन फूड एंड सीड फेस्टिवल शुरू, नीति, स्पीति और जोंगू घाटी के उत्पाद बने आकर्षण; हिमालयी उपज को बाजार दिलाने के लिए थाइम ब्रांड लॉन्च

देहरादून। हिमालय की पारंपरिक खेती, देशज बीजों और पहाड़ी खानपान की समृद्ध विरासत अब बाजार से जुड़ने की नई राह तलाश रही है। इसी उद्देश्य से मियावाला स्थित ठौर-द दून हाट में शनिवार को दो दिवसीय हिमालयन फूड एंड सीड फेस्टिवल का शुभारंभ हुआ। महोत्सव में एक हजार से अधिक प्रकार के पारंपरिक बीजों की प्रदर्शनी लगाई गई है। यहां उत्तराखंड की नीति घाटी, हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी और सिक्किम की जोंगू घाटी के पारंपरिक खाद्य उत्पाद और पहाड़ी व्यंजन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

इंटीग्रेटेड माउंटेन इनिशिएटिव (आईएमआई) की ओर से नेशनल मिशन ऑन हिमालयन स्टडीज के एग्रोइकोलॉजी प्रोजेक्ट के तहत आयोजित महोत्सव में देशज बीजों के संरक्षण, पारंपरिक फसलों की खेती और स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर जोर दिया गया। विभिन्न हिमालयी क्षेत्रों से पहुंचे किसानों और बीज संरक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए। साथ ही पारंपरिक बीजों के आदान-प्रदान और उनके संरक्षण की विधियों पर भी चर्चा हुई।

महोत्सव का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्य सचिव एनएस नपलच्याल ने कहा कि हिमालयी खाद्य विविधता को व्यापक पहचान दिलाकर पोषण, स्वास्थ्य और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलने से किसानों और युवाओं की आय के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने पारंपरिक फसलों का उत्पादन बढ़ाने और ट्रांस-हिमालयी क्षेत्रों की खानपान परंपराओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। साथ ही हिमालयी राज्यों के भोजन और उसकी पोषण संबंधी विशेषताओं को पुस्तक के रूप में संकलित करने का सुझाव दिया।

मंडुआ-झंगोरा की बढ़ेगी मांग तो मजबूत होगी पहाड़ी खेती

पोषण विशेषज्ञ डॉ. पुष्पिका वज्जन ने जौ, रामदाना, मंडुआ, झंगोरा और भंगजीर जैसी हिमालयी फसलों के पोषण संबंधी गुणों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय अनाज और खाद्य पदार्थों को नियमित भोजन में शामिल करने से बेहतर पोषण मिल सकता है। इनकी मांग बढ़ने से किसानों को उपज का उचित मूल्य मिलने के साथ पारंपरिक खेती को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. एएन पुरोहित ने छोटे और बिखरे खेतों में चकबंदी तथा क्लस्टर आधारित खेती को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय पोषणयुक्त फसलों का उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। एसबीएस विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे. कुमार ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने देशज बीजों के संरक्षण और बारहनाजा खेती को प्रोत्साहित करने में बीज बचाओ आंदोलन के प्रणेता विजय जड़धारी के योगदान की सराहना की।

थाइम ब्रांड से हिमालयी उत्पादों को मिलेगी बाजार में पहचान

महोत्सव के दौरान थाइम (THYME-Trans-Himalayan Mountain Agro-Ecology) ब्रांड का औपचारिक शुभारंभ किया गया। आयोजक बिनीता शाह ने बताया कि इस ब्रांड के माध्यम से पारंपरिक हिमालयी खाद्य उत्पादों को विशिष्ट पहचान देकर व्यापक उपभोक्ता बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इससे स्थानीय किसानों और उत्पादकों को नए बाजार से जोड़ने में मदद मिलेगी।

किसान संवाद सत्र में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम से आए किसानों ने पारंपरिक खेती, बीज संरक्षण और उत्पादों के विपणन से जुड़ी चुनौतियों और अनुभवों को साझा किया। सत्र का संचालन आईआरडी फाउंडेशन के डॉ. विनोद कुमार भट्ट और डॉ. आशीष कुमार ने किया।

हिमालयी चाय, सत्तू और सी-बकथॉर्न उत्पादों ने खींचा ध्यान

बीज प्रदर्शनी में नग्न जौ, कुट्टू, लाल चावल और पारंपरिक दालों सहित विभिन्न स्थानीय फसलों के बीज प्रदर्शित किए गए। वहीं नीति, स्पीति और जोंगू घाटियों के स्टॉलों पर हिमालयी चाय, सत्तू, सी-बकथॉर्न उत्पाद, सेब, स्थानीय सब्जियां, मसाले, अचार-पापड़ और वन उपज ने लोगों का ध्यान खींचा। भेड़ की ऊन से बने पारंपरिक वस्त्रों और हस्तशिल्प में भी आगंतुकों ने रुचि दिखाई। इस दौरान लोगों ने पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भी लिया।

आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में किसानों, उपभोक्ताओं और विद्यार्थियों सहित करीब 200 लोगों ने भागीदारी की।

कल सीख सकेंगे तीन घाटियों के पारंपरिक व्यंजन

महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को नीति, स्पीति और जोंगू घाटियों के पारंपरिक व्यंजनों की मास्टरक्लास आयोजित होगी। इसमें इन क्षेत्रों से आए शेफ स्थानीय सामग्रियों से पहाड़ी पकवान तैयार करने का सजीव प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा ध्यान, पोषण और बदलती खानपान की आदतों पर भी सत्र आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

You May Like