चमोली में नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के बफर जोन से शुरू हुआ अभियान, 13 जिलों में 90 से अधिक पक्षी प्रेमी जुटा रहे परिंदों का आंकड़ा
पहाड़ रफ्तार
ज्योतिर्मठ। उत्तराखंड की समृद्ध पक्षी संपदा और जैव विविधता को दस्तावेजीकृत करने के उद्देश्य से तीसरी राज्यव्यापी उत्तराखंड पक्षी गणना (यूबीसी-2026) शनिवार से शुरू हो गई। 14 और 15 नवंबर को प्रदेश के सभी 13 जिलों में आयोजित इस अभियान में पक्षी प्रेमी, प्रकृति विशेषज्ञ, विद्यार्थी और स्थानीय समुदाय बढ़-चढ़कर भागीदारी कर रहे हैं। चमोली जिले में बर्ड वाचिंग क्लब औली ज्योतिर्मठ, नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क और एडवेंचर एसोसिएशन एंड वेलफेयर सोसाइटी से जुड़े पक्षी प्रेमियों ने अभियान की शुरुआत की।

चमोली में पहले दिन नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के ज्योतिर्मठ बफर जोन स्थित इंद्रा प्वाइंट एफआरएच बर्ड साइट से पक्षी गणना शुरू हुई। इसके बाद टीम ने टीवी टावर औली, काना और आइस स्केटिंग रिंक फॉरेस्ट बर्ड वॉक साइट तक पक्षी अवलोकन किया। इस दौरान दुर्लभ दाढ़ी वाले गिद्ध (बियर्डेड वल्चर), हिमालयन ग्रिफन और यूरेशियन केस्ट्रल समेत कई प्रजातियों के पक्षी नजर आए।

बर्ड वाचिंग क्लब औली ज्योतिर्मठ के अध्यक्ष एवं पक्षी विशेषज्ञ संजय कुंवर, नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के वन क्षेत्राधिकारी आशीष जिरवाण, युवा बर्ड वाचर एवं पर्यटन कारोबारी जयदीप भट्ट, आशीष डिमरी, विशाल नंबूरी, एडवेंचर एसोसिएशन एंड वेलफेयर सोसाइटी चमोली के अध्यक्ष विवेक पंवार, माउंटेन गाइड प्रमोद पंवार, रविंद्र कंडारी और पंकज सिंह सहित कई पक्षी प्रेमियों ने इसमें प्रतिभाग किया।

पक्षी अवलोकन के दौरान टीम ने कलीज तीतर, चितली अखरोट फोड़वा, सफेद टॉप पन थिरथिरा, रॉक बंटिंग, हुदहुद, कस्तूरा, हिमालयन नील दुम, स्केली ब्रेस्टेड रेन बब्बलर, व्हाइट थ्रोटेड लाफिंग थ्रश, मिशेल थ्रश, वेरीगेटेड लाफिंग थ्रश, ग्रीन बैक टिट, ब्लैक काइट, सदर्न नटक्रैकर, रूफस सिबिया, माउंटेन फिंच, ब्लैक हेडेड जे और ग्रे हेडेड वुडपेकर सहित कई प्रजातियों को रिकॉर्ड किया। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्लेटी हेडेड पैराकीट के झुंड भी दिखाई दिए। सभी पक्षियों का अवलोकन अलग-अलग समूहों ने ई-बर्ड एप के माध्यम से दर्ज किया।
13 जिलों में 90 से अधिक पक्षी प्रेमी कर रहे प्रतिभाग
बर्ड वाचिंग क्लब औली के अध्यक्ष संजय कुंवर ने बताया कि दो दिवसीय इस अभियान में प्रदेश के सभी 13 जिलों से 90 से अधिक पक्षी प्रेमी और 50 से अधिक संगठन प्रतिभाग कर रहे हैं। यह आयोजन दिवंगत प्रकृतिवादी एवं पक्षी प्रेमी सुनीति भूषण दत्ता को समर्पित किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध पक्षी संपदा और जैव विविधता का वैज्ञानिक अभिलेखन करने के साथ ही आम नागरिकों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सामूहिक पक्षी अवलोकन, बर्ड वॉक और अन्य गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। प्रतिभागियों को अपने पक्षी अवलोकन की ई-बर्ड कंप्लीट चेकलिस्ट 23 नवंबर तक वैश्विक ई-बर्ड पोर्टल पर जमा करनी होगी।
दो वर्षों में दर्ज हुईं 408 पक्षी प्रजातियां
उत्तराखंड में पहली राज्यव्यापी पक्षी गणना वर्ष 2024 में आयोजित की गई थी। इसमें प्रदेश में ज्ञात 729 प्रजातियों में से 399 प्रजातियों का अभिलेखन किया गया था। इस दौरान ई-बर्ड पोर्टल पर 662 चेकलिस्ट जमा हुई थीं। वहीं वर्ष 2025 में आयोजित दूसरी गणना में 1320 चेकलिस्ट के माध्यम से 408 पक्षी प्रजातियों का रिकॉर्ड दर्ज किया गया था।
प्रदेश स्तर पर इस गणना की आयोजक समिति में पूर्व मुख्य वन संरक्षक डॉ. धनंजय मोहन, पक्षी विशेषज्ञ पिंकी गुप्ता और संजय सोंधी शामिल हैं।
पर्वतीय चोटियों से तराई तक परिंदों की तलाश
उत्तराखंड में ऊंची पर्वतीय चोटियों, बुग्यालों और जंगलों से लेकर निचले वेटलैंड और तराई क्षेत्रों तक पक्षियों की अद्भुत विविधता देखने को मिलती है। कहीं प्रवासी जलीय पक्षियों का कलरव है तो कहीं राज्य पक्षी मोनाल, कोकलास, कलीज तीतर और चीर फीजेंट जैसे खूबसूरत पक्षी प्राकृतिक विरासत को समृद्ध कर रहे हैं। तीसरी राज्यव्यापी पक्षी गणना के जरिए इन प्रजातियों की मौजूदगी और संख्या से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाए जा रहे हैं, जो भविष्य में पक्षियों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने की दिशा में उपयोगी साबित होंगे।

