
हल्द्वानी में 9 अक्टूबर को जुटेंगे प्रदेशभर के व्यापारी, निकलेगी विशाल रैली
चमोली / हल्द्वानी। व्यापारियों की एकता, सम्मान और अधिकारों को लेकर प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तराखंड की ओर से 9 अक्टूबर को हल्द्वानी में प्रांतीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज सभागार में होने वाले सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा भी मौजूद रहेंगे।
सम्मेलन में प्रदेश के 19 संगठनात्मक जिलों और 395 नगर इकाइयों से व्यापारी प्रतिनिधि व पदाधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान नगर निगम परिसर से मेडिकल कॉलेज सभागार तक विशाल रैली निकाली जाएगी। रैली के जरिए व्यापारी एकजुटता का संदेश देंगे।
सम्मेलन में व्यापारी अपनी स्थानीय और प्रदेशस्तरीय समस्याएं मुख्यमंत्री व संगठन के पदाधिकारियों के समक्ष रखेंगे। समस्याओं के समाधान और व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। संगठन की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाली नगर इकाइयों और व्यापारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
प्रांतीय संगठन मंत्री अतुल साह ने प्रदेशभर के व्यापारियों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन व्यापारी एकता और उनके अधिकारों की आवाज को मजबूती देने का महत्वपूर्ण मंच होगा।
