
राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर में आयोजित हुई कार्यशाला, डिजिटल प्रक्रिया की दी गई जानकारी
संजय कुंवर
देहरादून। जनगणना के द्वितीय चरण के तहत राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर में स्वगणना प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को स्वगणना की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए डिजिटल माध्यम से स्वयं जनगणना संबंधी विवरण दर्ज करने का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक अनिरुद्ध ममगाईं ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्वगणना के विभिन्न तकनीकी चरणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से स्वगणना किस प्रकार आसानी से पूरी की जा सकती है। इस दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं और तकनीकी समस्याओं का समाधान भी किया गया। कुछ विद्यार्थियों को मौके पर ही स्वगणना की व्यावहारिक जानकारी देकर प्रशिक्षण दिया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार ने कहा कि स्वगणना राष्ट्रीय जनगणना अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से स्वयं स्वगणना करने के साथ ही अपने परिवारजनों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सामूहिक जागरूकता और सहभागिता से इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। कार्यशाला में महाविद्यालय के स्वगणना नोडल अधिकारी डॉ. चरण सिंह सहित सभी शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

