रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच मनाया गया शिवालिक स्कूल का वार्षिकोत्सव
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, मेधावी छात्र भी हुए सम्मानित
केएस असवाल
गौचर। शिवालिक पब्लिक स्कूल गौचर का छठा वार्षिकोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में समां बांध दिया। इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, वहीं विद्यालय के लिए सहयोग राशि की भी घोषणा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लाक प्रमुख दीपिका मैखुरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य, समूह नृत्य, गीत और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

ब्लाक प्रमुख दीपिका मैखुरी ने विद्यालय के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं जिला पंचायत सदस्य रेखा बिष्ट ने विद्यालय परिसर की सराहना करते हुए बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर हेतु एक लाख रुपये देने की घोषणा की।

विद्यालय के प्रबंधक बलवीर सिंह नेगी ने पालिका क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। साथ ही कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अनूप नेगी, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य शैलेंद्र नेगी, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष पिंकी बिष्ट, सभासद चैतन्य बिष्ट, पूनम रावत, भगवती प्रसाद खंडूड़ी, भगवती रावत, ग्राम प्रधान राजेसिंह चौहान, अभिभावक संघ अध्यक्ष लक्ष्मण पटवाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रवेन्द्र मल्ल और योगेंद्र नेगी ने संयुक्त रूप से किया।

