चमोली : गौचर में पॉलीथिन के खिलाफ पालिका का शिकंजा, 11 प्रतिष्ठानों के चालान

Team PahadRaftar

6,200 रुपये का अर्थदंड वसूला, प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल न करने की दी चेतावनी

केएस असवाल गौचर। नगर पालिका परिषद गौचर ने प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाकर 11 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के चालान किए। कार्रवाई के दौरान पालिका की टीम ने प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल पाए जाने पर कुल 6,200 रुपये का अर्थदंड वसूला।

पालिका प्रशासन के अनुसार यह अभियान नैनीताल हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में चलाया जा रहा है। नगर क्षेत्र में प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल, बिक्री और प्रसार पर रोक लगाने के लिए पालिका की टीम लगातार बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की निगरानी कर रही है।

अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों को प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल नहीं करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही ग्राहकों को सामान देने के लिए कपड़े, जूट अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों का प्रयोग करने की अपील की गई।

पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा

पालिका अधिकारियों ने कहा कि पॉलीथिन पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। इसके आसानी से नष्ट न होने के कारण मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है। वहीं नालियों में पॉलीथिन जमा होने से जल निकासी बाधित होती है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है।

सार्वजनिक स्थानों पर फेंकी गई पॉलीथिन पशुओं के लिए भी खतरा बनती है। इसके अलावा पॉलीथिन जलाने से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाता है। पालिका ने व्यापारियों और आम लोगों से पॉलीथिन का प्रयोग पूरी तरह बंद कर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की है।

अभियान में पालिका परिषद के अवर अभियंता राजीव चौहान, रोशन पुंडीर, रघुनाथ खत्री, लक्ष्मण भंडारी, अन्नू चौहान और वीरेंद्र बिष्ट सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : कालीमठ की सोमेश्वरी ने भाजपा से ठोकी दावेदारी, टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय उतरने के संकेत

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। कालीमठ घाटी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को भजनों के जरिए जन-जन तक पहुंचाने वाली पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सोमेश्वरी भट्ट ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा से अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उनकी दावेदारी पर गंभीरता से विचार नहीं किया […]

You May Like