
तहसील स्तर पर भी प्रेस क्लब स्थापित करने पर दिया जोर, वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेड़ा और कीर्ति नवानी सम्मानित
पहाड़ रफ्तार गौचर। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर में प्रेस क्लब भवन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालयों के साथ तहसील स्तर पर भी प्रेस क्लब होने चाहिए, ताकि पत्रकारों को संगठित होने और अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से गौचर क्षेत्र के पत्रकारों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।
शनिवार को गौचर मेले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेड़ा को गोविंद प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026 से सम्मानित किया। वहीं, कीर्ति नवानी को पंडित महेशानंद नौटियाल सम्मान प्रदान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब फोल्डर का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकार समाज की समस्याओं को सामने लाने के साथ ही जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का काम करते हैं। ऐसे में पत्रकारों को बेहतर कार्यस्थल और सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है।
गौचर में प्रेस क्लब भवन निर्माण की घोषणा से स्थानीय पत्रकारों में उत्साह है। पत्रकारों का कहना है कि भवन बनने से गौचर और आसपास के क्षेत्रों के पत्रकारों को बैठक, संवाद और अन्य गतिविधियों के लिए स्थायी मंच मिल सकेगा।
कार्यक्रम में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिलाध्यक्ष गजपाल रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रवीर गायत्री, जिलाध्यक्ष दिग्पाल गुंसाई, प्रेस क्लब अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल, अरुण मिश्रा, देवेंद्र गुंसाई, ईश्वर सिंह राणा, प्रदीप लखेड़ा, गोविंद सिंह बिष्ट, भानु प्रकाश नेगी, संदीप कुमार, सोनिया मिश्रा, अनिल राणा सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।
इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार रजपाल बिष्ट, सुरेंद्र सिंह, जगदीश पोखरियाल, महावीर रावत, लक्ष्मी प्रसाद कुमेड़ी, शतीश गैरोला, कालिका प्रसाद, दिनेश जोशी, जितेंद्र पंवार और दीपक कुमार सहित कर्णप्रयाग की ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, टीका प्रसाद मैखुरी एवं सागर बिष्ट भी उपस्थित रहे।
