ऊखीमठ : 251 साल बाद भगवती चण्डिका और ओंकारेश्वर महादेव का ऐतिहासिक मिलन, सैकड़ों श्रद्धालु बने साक्षी

Team PahadRaftar

तुंगनाथ घाटी का भ्रमण कर ऊखीमठ पहुंची चमेटी की भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा, देव मिलन के दौरान पुष्पवर्षा और जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। उत्तराखंड की समृद्ध देव संस्कृति और लोक परंपराओं का एक ऐतिहासिक दृश्य केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में देखने को मिला। चमोली जिले के पोखरी क्षेत्र के चमेटी गांव की आराध्य भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा 251 वर्षों बाद तुंगनाथ घाटी का भ्रमण कर ऊखीमठ पहुंची। यहां भगवती चण्डिका और ओंकारेश्वर महादेव का ऐतिहासिक मिलन हुआ। इस दुर्लभ धार्मिक अवसर का साक्षी बनने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटे। देवी-देवताओं के मिलन के दौरान पूरा क्षेत्र जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

दिवारा यात्रा के ऊखीमठ पहुंचने पर स्थानीय श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ देवी की डोली का स्वागत किया। ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में धार्मिक परंपराओं के अनुसार देवी-देवताओं का मिलन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर इस ऐतिहासिक पल का स्वागत किया और आराध्य देवी-देवताओं के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

ढाई सदी से अधिक पुरानी परंपरा का पुनर्जीवन

चमेटी गांव की भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा 251 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित की जा रही है। इस धार्मिक यात्रा का उद्देश्य विभिन्न तीर्थस्थलों और धार्मिक पड़ावों का भ्रमण कर लोक आस्था, पारंपरिक मान्यताओं और देव संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इसी क्रम में भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा ने तुंगनाथ घाटी के विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण किया। यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने देवी की डोली का स्वागत कर पूजा-अर्चना की।

पठाली गांव में हुआ रात्रि प्रवास

दिवारा यात्रा के प्रह्मगुरु दीपक कुंवर ने बताया कि ओंकारेश्वर मंदिर में ऐतिहासिक देव मिलन के बाद भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा रात्रि प्रवास के लिए पठाली गांव पहुंची। गांव में ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ देवी की डोली का स्वागत किया। रात्रि प्रवास के दौरान ग्रामीणों को भगवती चण्डिका की पूजा-अर्चना और दर्शन का अवसर मिलेगा।

251 वर्षों बाद हुए इस धार्मिक मिलन ने चमोली और रुद्रप्रयाग जनपदों की साझा धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान दी है। देवभूमि की सदियों पुरानी परंपराओं के इस पुनर्जीवन ने एक बार फिर साबित किया कि पहाड़ की लोक आस्था और देव संस्कृति आज भी सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण आधार हैं।

इस अवसर पर पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, ओंकारेश्वर मंदिर के प्रधान पुजारी बागेश लिंग, शिव शंकर लिंग, टी. गंगाधर लिंग, शिव लिंग, राजीव गैरोला, अध्यक्ष हनुमंत सिंह असवाल, महासचिव भरत सिंह बिष्ट, पोतीदार मनीष मेवाल, सत्यपाल रावत, प्रह्लाद रावत, मोहित नेगी सहित पंच पुजारी और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : ऊखीमठ में क्षेत्र पंचायत की बैठक में बांटे एक्सपायर बिस्कुट, सात दिन पहले ही खत्म हो चुकी थी वैधता

जिला विकास अधिकारी की मौजूदगी में उजागर हुई लापरवाही, जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल तो अधिकारियों में मचा हड़कंप लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। ब्लॉक सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की त्रैमासिक बैठक में जनप्रतिनिधियों को एक्सपायर बिस्कुट वितरित किए जाने का मामला सामने आया है। बिस्कुट की वैधता अवधि सात दिन पहले […]

You May Like