ऊखीमठ : ऊखीमठ क्षेत्र पंचायत बैठक में छाया जल जीवन मिशन का मुद्दा, अधिकारियों की कार्यशैली पर बरसे जनप्रतिनिधि

Team PahadRaftar

जिला स्तरीय अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर जताई नाराजगी, जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों से मांगा जवाब

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। ब्लॉक सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की त्रैमासिक बैठक में जल जीवन मिशन का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। पेयजल योजनाओं की बदहाल स्थिति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और ग्रामीणों को पर्याप्त पानी नहीं मिलने पर जनप्रतिनिधियों ने जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को घेरा। कई सवालों पर अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। वहीं, जिला स्तरीय अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर भी सदन में जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई।

ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं और क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र पंचायत की महत्वपूर्ण बैठकों में जिला स्तरीय अधिकारियों की अनुपस्थिति से समस्याओं का प्रभावी समाधान नहीं हो पाता। ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे सदन में उठाए जाते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के मौजूद न रहने से उन पर ठोस निर्णय नहीं हो पाते।

बैठक में जल जीवन मिशन के तहत गांवों में संचालित पेयजल योजनाओं की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं के निर्माण, गुणवत्ता और नियमित पेयजल आपूर्ति को लेकर सवाल उठाए। जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों से जवाब मांगे गए, लेकिन कई सवालों पर अधिकारी स्पष्ट जवाब देने में असहज नजर आए। जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं की नियमित निगरानी और विभागीय जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।

ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठक विकास योजनाओं की समीक्षा और जनसमस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण मंच है। इसमें सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का मौके पर समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए जल समितियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर ने कहा कि विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण करना चाहिए। जल जीवन मिशन की योजनाओं की प्रगति और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

उपजिलाधिकारी अनिल रावत ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में उठाई गई समस्याओं को संबंधित विभाग गंभीरता से लें और आपसी समन्वय से उनका समाधान सुनिश्चित करें।

खंड विकास अधिकारी अनुष्का ने विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक के अंत में जनप्रतिनिधियों ने दो टूक कहा कि क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा के लिए आयोजित बैठकों में जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य की जाए। विशेष रूप से जल जीवन मिशन के कार्यों की नियमित निगरानी और पेयजल योजनाओं के सुचारु संचालन के लिए विभागों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, जिला पंचायत सदस्य सुबोध बगवाड़ी, सरोज देवी, प्रधान संगठन ब्लॉक अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत, महामंत्री मदन भट्ट, पूर्व अध्यक्ष सुभाष रावत, गजेंद्र चौधरी, अनूप राणा, सरिता नेगी, जयकृत कुंवर, सोनिया पंवार, बिशाम्बरी देवी, अनीता देवी, मनवर सिंह नेगी, मिथला देवी, दिनेश बजवाल, भरत सिंह नेगी, प्रदीप राणा, प्रतिपाल बजवाल, अनूप उनियाल और सहायक विकास अधिकारी वीरेंद्र मोहन घिल्डियाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : 251 साल बाद भगवती चण्डिका और ओंकारेश्वर महादेव का ऐतिहासिक मिलन, सैकड़ों श्रद्धालु बने साक्षी

तुंगनाथ घाटी का भ्रमण कर ऊखीमठ पहुंची चमेटी की भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा, देव मिलन के दौरान पुष्पवर्षा और जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। उत्तराखंड की समृद्ध देव संस्कृति और लोक परंपराओं का एक ऐतिहासिक दृश्य केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में देखने को […]

You May Like