चमोली : औली-ज्योतिर्मठ में एशियाई बंटिंग काउंट शुरू, पहले दिन दिखी रॉक बंटिंग

Team PahadRaftar

चार दिवसीय अभियान में जुटे पक्षी प्रेमी, औली से मलारी और थैंग घाटी तक होगा पक्षियों का अवलोकन 

ज्योतिर्मठ (चमोली)। हिमालयी क्षेत्र में पक्षियों की प्रजातियों की पहचान और संरक्षण को लेकर औली-ज्योतिर्मठ में पांचवें एशियाई बंटिंग काउंट अभियान का आगाज हो गया है। 27 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस चार दिवसीय अभियान के पहले ही दिन रॉक बंटिंग की मौजूदगी दर्ज की गई। इससे क्षेत्र की समृद्ध पक्षी जैव विविधता को लेकर पक्षी प्रेमियों में उत्साह है।

बर्ड वाचिंग क्लब औली-ज्योतिर्मठ के अध्यक्ष एवं बर्ड एक्सपर्ट संजय कुंवर ने बताया कि उत्तराखंड बर्ड काउंट-2026 के सफल आयोजन के बाद क्लब की टीम अब एशियाई स्तर के पक्षी अवलोकन अभियान में भागीदारी कर रही है। अभियान के पहले दिन नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान की लिंक रोड स्थित रविग्राम साइट पर दूसरी शिफ्ट के दौरान रॉक बंटिंग देखी गई।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत औली-ज्योतिर्मठ से लेकर सुराईथोटा, मलारी, लामबगड़, बैनाकुली और थैंग घाटी तक पक्षियों का अवलोकन किया जाएगा। सप्ताहांत में नियमित रूप से चलने वाले इस अभियान में क्लब के युवा बर्ड वाचर जयदीप भट्ट, विशाल नंबूरी और आशीष डिमरी सहित कई पक्षी प्रेमी जुटे हैं। स्थानीय पक्षी प्रेमियों से भी अभियान में भागीदारी की अपील की गई है।

18 देशों में चल रहा अभियान

बंटिंग गौरैया के आकार के छोटे पक्षी होते हैं। इनकी कई प्रजातियां प्रवासी हैं और खुले घास के मैदानों तथा कृषि क्षेत्रों में पाई जाती हैं। दुनिया में बंटिंग की करीब 45 प्रजातियां हैं, जिनमें 20 दक्षिण एशिया में मिलती हैं।

पांचवां एशियाई बंटिंग काउंट एक अंतरराष्ट्रीय नागरिक विज्ञान अभियान है, जो एक नवंबर 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक एशिया के कम से कम 18 देशों में संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रवासी बंटिंग पक्षियों की आबादी और उनके शीतकालीन प्रवास स्थलों का रिकॉर्ड तैयार कर उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण को बढ़ावा देना है। एशियाई स्तर पर जापान बर्ड रिसर्च एसोसिएशन और हांगकांग बर्ड वाचिंग सोसाइटी इसका नेतृत्व कर रही हैं, जबकि भारत में बर्ड काउंट इंडिया समन्वय कर रहा है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : गौचर संस्कृत पाठशाला की प्रबंध समिति का निर्विरोध निर्वाचन, संदीप वैष्णव बने अध्यक्ष

राजेंद्र सिंह नेगी उपाध्यक्ष और मदन मोहन वैष्णव को मिली प्रबंधक की जिम्मेदारी गौचर (चमोली)। श्री गोविन्द संस्कृत उच्चतर माध्यमिक पाठशाला शांति सदन गौचर में विद्यालय प्रबंध समिति का निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हुआ। सभी पदों पर एक-एक वैध नामांकन होने के चलते मतदान की नौबत नहीं आई। निर्वाचन में संदीप […]

You May Like