ज्योतिर्मठ : ज्योतिर्मठ में श्रद्धा से मनी गुरु पूर्णिमा, शंकराचार्य गद्दी स्थल पर उमड़े श्रद्धालु

Team PahadRaftar

ज्योतिर्मठ में श्रद्धा से मनी गुरु पूर्णिमा, शंकराचार्य गद्दी स्थल पर उमड़े श्रद्धालु

ज्योतिर्मठ, संजय कुंवर संवाददाता। प्राचीन गद्दी स्थल ज्योतिर्मठ में बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती जी महाराज के पावन गद्दी रूपी सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने परिवार सहित पहुंचकर गुरु चरणों में नमन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

मठ के पीठ पुरोहित एवं बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती की उपस्थिति में सुबह 10 बजे श्री गुरु पूजन एवं पादुकार्चन संपन्न हुआ। इसके बाद भजन-कीर्तन और श्री गुरु वंदना आरती से पूरा मठ परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए पूजा-अर्चना की।

दोपहर 12 बजे के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

मठ के व्यवस्थापक अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सुबह से ही शंकराचार्य जी की प्राचीन गद्दी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। उन्होंने बताया कि गुरु पर्व के उपलक्ष्य में सायंकाल भजन-कीर्तन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठानों और भजन-कीर्तन से ज्योतिर्मठ का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

You May Like