चमोली : 12 साल से बदहाल सड़क को मिली मंजूरी, युवा संदीप पैथवाल के संघर्ष ने बदली तस्वीर!

Team PahadRaftar

12 साल से बदहाल सड़क को मिली मंजूरी, युवा संदीप पैथवाल के संघर्ष ने बदली तस्वीर

चमोली। जनहित के लिए किया गया लगातार प्रयास आखिर रंग लाया। वर्षों से बदहाल पड़े मैठाणा (पुरसाड़ी)–पलेठी मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण और डामरीकरण को शासन स्तर से मंजूरी मिल गई है। इस उपलब्धि की सबसे खास बात यह है कि इसके पीछे किसी जनप्रतिनिधि या राजनीतिक दल की पहल नहीं, बल्कि एक जागरूक युवा संदीप पैथवाल का लगातार किया गया संघर्ष है।

करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबा यह मोटर मार्ग वर्ष 2010 से उपेक्षा का शिकार रहा। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि कई बार यह महीनों तक बंद रही, जिससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके वर्षों तक सड़क की सुध नहीं ली गई।

बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 से संदीप पैथवाल ने इस मुद्दे को लगातार उठाया। उन्होंने सड़क की बदहाली से जुड़ी तस्वीरें, वीडियो और तथ्य शासन व संबंधित विभागों को भेजे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को लगातार पत्र लिखकर सड़क की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। उनके निरंतर प्रयासों के बाद विभागीय स्तर पर मामला आगे बढ़ा और अब सड़क के सुदृढ़ीकरण व डामरीकरण को स्वीकृति मिल गई है।

संदीप पैथवाल किसी राजनीतिक दल के पदाधिकारी नहीं हैं। न वह ग्राम प्रधान हैं, न क्षेत्र पंचायत या जिला पंचायत के सदस्य। इसके बावजूद उन्होंने यह साबित किया कि यदि कोई नागरिक जनहित के मुद्दे को ईमानदारी और लगातार उठाता रहे, तो व्यवस्था को निर्णय लेने के लिए मजबूर किया जा सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि संदीप की पहल क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उनका मानना है कि विकास केवल राजनीतिक नारों या झंडे उठाने से नहीं, बल्कि जनसमस्याओं को जिम्मेदारी के साथ उठाने और समाधान तक उनका पीछा करने से होता है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : हरेला पर अलकनंदा तट हुआ हरा-भरा, पत्रकार संघ ने चलाया वृक्षारोपण अभियान

हरेला पर अलकनंदा तट पर हुआ वृहद पौधरोपण, संरक्षण का लिया संकल्प केएस असवाल गौचर। हरेला पर्व के तहत रविवार को भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ, उत्तराखंड की चमोली इकाई ने विभिन्न विभागों के सहयोग से ग्राम बन्दरखण्ड स्थित अलकनंदा नदी तट के शिवालय मंदिर परिसर में वृहद वृक्षारोपण एवं स्वच्छता […]

You May Like