चमोली : आसमानी आफत ने उजाड़ी रोजी-रोटी, निजमूला घाटी में 400+ बकरियों की मौत

Team PahadRaftar

आफत ने उजाड़ी रोजी-रोटी, निजमूला घाटी में 400+ बकरियों की मौत

चमोली। जनपद की निजमूला घाटी से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रविवार देर रात हुई तेज गर्जना और आकाशीय बिजली ने भनाली तोक में भेड़पालकों की जिंदगी पर कहर बनकर वार किया। इस भयावह हादसे में एक दर्जन से अधिक पशुपालकों की 400 से अधिक बकरियां मौके पर ही मारी गईं, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया।

बुग्यालों में डेरा, एक पल में तबाही

सूत्रों के अनुसार, इन दिनों घाटी के ऊंचाई वाले बुग्याली क्षेत्रों में भेड़पालक अपने मवेशियों के साथ डेरा डाले हुए थे। देर रात अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ आसमान में बिजली कड़कने लगी। इसी दौरान भनाली तोक में उस स्थान पर सीधी बिजली गिरी, जहां बकरियों का झुंड एकत्र था। चंद सेकंड में पूरा झुंड ढेर हो गया।

आंखों के सामने खत्म हो गई जिंदगी भर की पूंजी

पीड़ित पशुपालक हुकम सिंह ने बताया, “बिजली इतनी जोरदार थी कि संभलने का मौका तक नहीं मिला। हमारी आंखों के सामने ही सारी बकरियां मर गईं। अब समझ नहीं आ रहा परिवार कैसे चलेगा।”
इस हादसे में हुकम सिंह, मदन लाल सहित कई पशुपालकों की आजीविका पूरी तरह प्रभावित हुई है।

घाटी में शोक, प्रशासन से मदद की गुहार

घटना के बाद पूरी निजमूला घाटी में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने की मांग की है। पीड़ितों ने सरकार से शीघ्र मुआवजा देने की गुहार लगाई है।

राजस्व विभाग को सूचना, टीम का इंतजार

बताया जा रहा है कि राजस्व विभाग को घटना की सूचना दे दी गई है, लेकिन अभी तक टीम मौके पर नहीं पहुंची है। प्रभावित परिवार प्रशासन की मदद का इंतजार कर रहे हैं।

 

Next Post

चमोली : बंगाल की जीत का जश्न पहाड़ों तक, जोशीमठ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने की आतिशबाजी

बंगाल की जीत का जश्न पहाड़ों तक, जोशीमठ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने की आतिशबाजी चमोली : पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत की गूंज अब पहाड़ों में भी सुनाई दे रही है। जोशीमठ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नटराज चौक पर जोरदार जश्न मनाकर अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यकर्ताओं ने […]

You May Like