सेवा पखवाड़ा : ज्योतिर्मठ में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच

Team PahadRaftar

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ (चमोली)। जनपद चमोली में सेवा पखवाड़ा सप्ताह के तहत आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न बहुउद्देशीय जनजागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को ज्योतिर्मठ ब्लॉक सभागार परिसर में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

सीएचसी ज्योतिर्मठ की अगुवाई में आयोजित शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, नेत्र रोग विशेषज्ञ तथा परिवार कल्याण केंद्र के चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही रक्तचाप (बीपी), ब्लड शुगर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें भी की गईं।

शिविर के दौरान किशोरियों के स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं परामर्श, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, जच्चा-बच्चा टीकाकरण तथा परिवार कल्याण योजनाओं की भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया।

सीएचसी ज्योतिर्मठ के अधीक्षक डॉ. गौतम कुमार ने बताया कि सेवा पखवाड़ा सप्ताह के तहत आयोजित इस शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं देकर ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाती रहेंगी।

Leave a Reply

You May Like