
ज्योतिर्मठ में आदि शंकराचार्य पीठोत्सव शुरू, कलश यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। आदि गुरु आदि गुरु शंकराचार्य की प्राचीन गद्दी स्थल ज्योतिर्मठ में शंकराचार्य पीठोत्सव की धूम मची हुई है। मंगलवार को पीठोत्सव के तहत नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में महिलाओं, महिला मंगल दलों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
घोष नाद और भक्ति गीतों के बीच निकली यात्रा में वृंदावन से पहुंचे श्रीमद्भागवत कथा व्यास महाराज भी शामिल रहे। कलश यात्रा नगर के मुख्य बाजार से होते हुए प्राचीन गद्दी स्थल पहुंची। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
मठ के पीठ पुरोहित एवं बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 27 मई से प्रतिदिन दोपहर तीन बजे प्राचीन गद्दी स्थल में किया जाएगा। कथा के पहले दिन श्रीमद्भागवत महात्म्य और परीक्षित जन्म प्रसंग सुनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कथा में ध्रुव चरित्र, प्रह्लाद चरित्र, समुद्र मंथन, बलि-वामन चरित्र, श्रीकृष्ण जन्म, रासलीला और रुक्मिणी मंगल सहित कई प्रसंगों का वर्णन होगा। इसके अलावा प्रतिदिन रात्रि आठ बजे से रसिक रामलीला और रासलीला का मंचन भी किया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से धार्मिक आयोजन में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

