
ऊखीमठ में खेल प्रतिभाओं को मिला मंच, विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवा
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से युवा कल्याण विभाग की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज ऊखीमठ के खेल मैदान में विधायक चैंपियनशिप ट्राफी का रंगारंग शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने समां बांधा। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच, संसाधन और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली ऐसी प्रतियोगिताओं से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

जिला पंचायत सदस्य सुबोध बगवाड़ी ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम हैं। खंड विकास अधिकारी अनुष्का ने भी प्रतियोगिता को ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ज्योति बिष्ट ने बताया कि प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, मुर्गाझपट और वालीबाल समेत विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता में क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से पहुंचे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, युवा कल्याण परिषद सदस्य राकेश भंडारी, क्षेत्र पंचायत संगठन के जिलाध्यक्ष गिरीश चौहान, सभासद बलवीर पंवार, नवदीप नेगी, विपिन रावत, देवेंद्र बजवाल, वीरेंद्र सिंह नेगी, सरोज सिंह नेगी, प्रेम सिंह नेगी समेत खिलाड़ी, स्थानीय लोग और आयोजन मंडल के सदस्य मौजूद रहे।
