
भगवान रुद्रनाथ की डोली रवाना, कल खुलेंगे चतुर्थ केदार के कपाट
चमोली। पंच केदारों में शामिल चतुर्थ केदार के कपाट खुलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रविवार को भगवान रुद्रनाथ की चल विग्रह डोली अपने शीतकालीन गद्दी स्थल गोपेश्वर गोपीनाथ मंदिर से विधि-विधान के साथ रुद्रनाथ धाम के लिए रवाना हुई। डोली यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जयकारों और पुष्प वर्षा के बीच सेना के बैंड की धुनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

गोपीनाथ मंदिर में सुबह विशेष पूजा-अर्चना के बाद डोली को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धाम के लिए विदा किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोली यात्रा में शामिल हुए। मुख्य पुजारी हरीश भट्ट ने बताया कि सोमवार 18 मई को मध्याह्न में परंपरानुसार रुद्रनाथ मंदिर के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के बाद श्रद्धालु भगवान रुद्रनाथ के एकानन स्वरूप के दर्शन कर सकेंगे।

इस दौरान प्रभारी मंत्री , कर्णप्रयाग विधायक , थराली विधायक , राज्य मंत्री , जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज भट्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित कई जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।
