चमोली : भारत-चीन सीमा पर तमक नाले में बहा वैली ब्रिज, ह्यूम पाइप से बहाल हुई आवाजाही

Team PahadRaftar

भारत-चीन सीमा पर तमक नाले में बहा वैली ब्रिज, ह्यूम पाइप से बहाल हुई आवाजाही

नीती घाटी में अतिवृष्टि से मची तबाही, लापता व्यक्ति की तलाश में दूसरे दिन भी रेस्क्यू अभियान

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। भारत-चीन सीमा से सटी नीती घाटी में अतिवृष्टि के बाद तमक नाला उफान पर आने से वैली ब्रिज बह गया। इससे सीमा क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्ग पर आवाजाही बाधित हो गई। प्रशासन और संबंधित विभागों ने
युद्धस्तर पर काम करते हुए तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मोटर मार्ग तैयार कर दिया है। इसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।

तमक नाले में अचानक आए उफान से वैली ब्रिज बहने के बाद क्षेत्र में अफरातफरी की स्थिति बन गई थी। मार्ग बहाली के लिए जिला प्रशासन, सीमा सड़क संगठन समेत संबंधित विभागों की टीमें मौके पर जुटीं। ह्यूम पाइप डालकर तैयार किए गए अस्थायी मार्ग से फिलहाल वाहनों का आवागमन कराया जा रहा है। नाले के जलस्तर और मौसम की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी टीमें

वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है। उसकी तलाश में दूसरे दिन भी सघन सर्च अभियान जारी रहा। जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, आइटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सीमा सड़क संगठन की टीमें संयुक्त रूप से नदी तट और आसपास के संभावित स्थानों पर तलाश कर रही हैं।

प्रशासन की ओर से तमक नाले के जलस्तर और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। रेस्क्यू टीमों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अस्थायी मार्ग पर सावधानी से आवागमन करने तथा मौके पर तैनात टीमों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : सितंबर में गौचर में होगी भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की बैठक

संगठन के विस्तार और पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा, लक्ष्मण सिंह रावत बने जिला प्रभारी केएस असवाल गौचर। भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की चमोली इकाई की बैठक बुधवार को गौचर में आयोजित हुई। बैठक में जनपद में संगठन को मजबूत करने और विस्तार को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान […]

You May Like