चमोली : सितंबर में गौचर में होगी भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की बैठक

Team PahadRaftar

संगठन के विस्तार और पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा, लक्ष्मण सिंह रावत बने जिला प्रभारी

केएस असवाल गौचर। भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की चमोली इकाई की बैठक बुधवार को गौचर में आयोजित हुई। बैठक में जनपद में संगठन को मजबूत करने और विस्तार को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि सितंबर माह में चमोली जिले के पत्रकारों की बैठक गौचर में आयोजित कर संगठन का विस्तार किया जाएगा।

बैठक में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री के गौचर पहुंचने पर पत्रकारों ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद एक होटल में प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें जिले में संगठन की गतिविधियों को बढ़ाने और अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष की सहमति और जिलाध्यक्ष की अनुमति के बाद लक्ष्मण सिंह रावत को एसोसिएट सदस्य बनाए जाने के साथ ही चमोली जिले का प्रभारी भी नियुक्त किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने कहा कि पत्रकार विभिन्न संगठनों में बिखरे हुए हैं, लेकिन भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ देश ही नहीं, विदेशों में भी पत्रकारों का बड़ा संगठन है। उन्होंने बताया कि नेपाल, दुबई और चीन में भी संगठन की शाखाएं कार्य कर रही हैं। उनके अनुसार संगठन से अब तक 48 हजार से अधिक सदस्य जुड़ चुके हैं। उत्तराखंड में हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत विभिन्न जिलों से 500 से अधिक पत्रकार संगठन से जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों की समस्याओं को शासन स्तर पर उठाने के साथ ही जरूरत पड़ने पर न्यायालय में भी उनकी आवाज उठाता है। जिलाध्यक्ष दिग्पाल गुसाईं ने जनपद के पत्रकारों से संगठन से जुड़कर पत्रकार हितों के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

बैठक में लक्ष्मण सिंह रावत, खुशाल असवाल, देवेंद्र गुसाईं, अरुण मिश्रा और गोविंद सिंह बिष्ट समेत अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : पंती गधेरे में अवैध खनन पर प्रशासन की कार्रवाई, जेसीबी-ट्रैक्टर सीज

विनायक स्टोन क्रेशर से सामग्री लेकर जा रहे डंपर में रवन्ने से अधिक माल मिला, ओवरलोडिंग में चालान गिरीश चंदोला नारायणबगड़। पंती गधेरे में कथित अवैध खनन की शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई की। मंगलवार को तहसीलदार नारायणबगड़ राजेंद्र सिंह बिष्ट ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर खनन कार्य […]

You May Like