
विनायक स्टोन क्रेशर से सामग्री लेकर जा रहे डंपर में रवन्ने से अधिक माल मिला, ओवरलोडिंग में चालान
गिरीश चंदोला नारायणबगड़। पंती गधेरे में कथित अवैध खनन की शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई की। मंगलवार को तहसीलदार नारायणबगड़ राजेंद्र सिंह बिष्ट ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर खनन कार्य में लगी एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर को सीज कर दिया। वहीं, विनायक स्टोन क्रेशर से खनन सामग्री लेकर जा रहे डंपर में रवन्ने में दर्ज मात्रा से अधिक सामग्री मिलने पर ओवरलोडिंग में चालान किया गया।
ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने पंती गधेरे में अवैध खनन किए जाने की शिकायत उपजिलाधिकारी थराली से की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विनायक स्टोन क्रेशर से जुड़े खनन कार्य के कारण गधेरे में नियमों की अनदेखी की जा रही है। साथ ही खनन सामग्री से लदे भारी वाहनों की आवाजाही से पंती-हंसकोटी सड़क को भी नुकसान पहुंच रहा है।
ब्रिडकुल पर भी उठाए सवाल
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि पंती-हंसकोटी सड़क की स्थिति लगातार खराब हो रही है, लेकिन संबंधित कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल की ओर से सड़क की सुरक्षा और मरम्मत को लेकर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने अवैध खनन की जांच के साथ ही सड़क को नुकसान पहुंचाने वाले भारी वाहनों और संबंधित स्टोन क्रेशर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम को भेजी रिपोर्ट
तहसीलदार राजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि शिकायत के आधार पर मौके पर जांच की गई। खनन कार्य में लगी जेसीबी और ट्रैक्टर को सीज किया गया है। इसके अलावा विनायक स्टोन क्रेशर से सामग्री लेकर जा रहे डंपर में रवन्ने के मुकाबले अधिक सामग्री मिलने पर ओवरलोडिंग का चालान किया गया। कार्रवाई की रिपोर्ट उपजिलाधिकारी थराली को भेज दी गई है।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद पंती गधेरे में खनन गतिविधियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में खनन कार्यों की जांच और सड़क को हो रहे नुकसान पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

