पौड़ी : घास लेने गई महिला को गुलदार ने मार डाला, कुछ घंटे बाद शूटरों ने किया ढेर

Team PahadRaftar

घास लेने गई महिला को गुलदार ने मार डाला, कुछ घंटे बाद शूटरों ने किया ढेर

जसपाल नेगी पौड़ी : जिले के कोट ब्लॉक स्थित बाडयू गांव में मंगलवार को गुलदार ने एक महिला को हमला कर मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। वहीं, ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग की टीम ने शूटरों की मदद से गुलदार को भी मार गिराया।

जानकारी के अनुसार बाडयू गांव निवासी प्रभा देवी पत्नी मातबर सिंह गांव के पास स्थित अपने पुराने मकान के नजदीक घास लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुलदार महिला को घसीटते हुए पास के एक खंडहर मकान में ले गया, जहां उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। बताया गया कि हमले के बाद भी गुलदार खंडहर के आसपास घूमता रहा, जिससे किसी अन्य व्यक्ति पर हमले की आशंका बनी हुई थी।

गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि गुलदार को ट्रैंकुलाइज करने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति को देखते हुए शूटरों ने आत्मरक्षा और जनसुरक्षा के मद्देनजर उसे मार गिराया।

घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ है, लेकिन वन विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पाया। सामाजिक कार्यकर्ता विनोद दनोशी और तामेश्वर आर्य ने कहा कि लगातार हो रहे हमलों के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग खेतों और जंगलों में जाने से कतरा रहे हैं।

ग्रामीणों ने सरकार और वन विभाग से मानव-वन्यजीव संघर्ष की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो पहाड़ी गांवों से पलायन और बढ़ सकता है।

लगातार बढ़ रहे हमले

पौड़ी रेंज के कई गांवों में पिछले कुछ समय से गुलदार की सक्रियता बढ़ी है। आए दिन मवेशियों और लोगों पर हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Next Post

पौड़ी : सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 साल पूरे, पौड़ी में 492 गर्भवतियों की हुई जांच

जसपाल नेगी संवाददाता, पौड़ी : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के 10 वर्ष पूरे होने पर मंगलवार को जनपद के सभी सरकारी चिकित्सालयों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। अभियान के तहत जिलेभर में 492 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें सुरक्षित मातृत्व और नवजात […]

You May Like