केएस असवाल चमोली। लोकपर्व हरेला के अवसर पर आयुष विभाग चमोली की ओर से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय चमोला के माध्यम से गुरुवार को पौध वितरण एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत ग्राम सभा चमोला में ग्रामीणों को फलदार और औषधीय पौधे वितरित किए गए तथा करीब 125 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस दौरान संतरा, आड़ू, खुमानी, अखरोट, कटहल, कागजी नींबू सहित विभिन्न फलदार पौधों के साथ अश्वगंधा, सर्पगंधा, शतावरी, गिलोय, हरड़, बहेड़ा, आंवला, रीठा, तेजपत्ता और चंदन जैसे औषधीय पौधों का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने भी पौधरोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय चमोली के चिकित्साधिकारी डॉ. हिमांशु डिमरी ने कहा कि हरेला पर्व हरियाली, समृद्धि, आस्था और प्रकृति के प्रति प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान लगभग 125 पौधों का वितरण और रोपण किया गया। साथ ही सभी ग्रामवासियों से इन पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सुशील गैरोला, हर्षवर्धन चमोली, उमेश चमोली, सुलोचना देवी, विजया देवी, शशि चमोली, खुशी, ललित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं आयुष विभाग की ओर से डॉ. हिमांशु डिमरी, संजोग कुमार और पवन चमोली ने कार्यक्रम का संचालन किया। ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आयुष विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे हरेला पर्व की सार्थक पहल बताया।

