
मंदाकिनी पर बनेगा पुल तो पाली-रंयासू की राह होगी आसान, महाराज से मिले राज्य मंत्री भट्ट
राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए सेतु व मोटर मार्ग का रखा प्रस्ताव, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या उठाई
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे पाली और रंयासू गांवों के लिए सड़क संपर्क की उम्मीद जगी है। राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने पर्यटन एवं लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज से मुलाकात कर मंदाकिनी नदी पर सेतु निर्माण और दोनों गांवों तक मोटर मार्ग बनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
राज्य मंत्री भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप होने के बावजूद पाली और रंयासू के ग्रामीण आज भी सुगम यातायात सुविधा से वंचित हैं। दैनिक जरूरतों के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कत होती है। बरसात में मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ने और पैदल रास्तों की स्थिति खराब होने से परेशानी और बढ़ जाती है।
उन्होंने पर्यटन मंत्री के समक्ष मंदाकिनी नदी पर प्रस्तावित पुल को प्राथमिकता देने की मांग रखी। कहा कि पुल बनने से दोनों गांवों को राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधा संपर्क मिलेगा। इसके बाद मोटर मार्ग बनने से ग्रामीणों को वर्षभर आवाजाही की सुविधा मिल सकेगी।
पर्यटन और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी
भट्ट ने कहा कि सड़क और पुल की सुविधा मिलने से क्षेत्र में विकास के नए रास्ते खुलेंगे। केदारघाटी के इन गांवों में प्राकृतिक और ग्रामीण पर्यटन की पर्याप्त संभावनाएं हैं। बेहतर सड़क संपर्क होने से स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के साथ युवाओं के लिए स्वरोजगार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मुलाकात के दौरान क्षेत्र की अन्य विकास योजनाओं पर भी चर्चा की गई। राज्य मंत्री ने पाली और रंयासू के ग्रामीणों की मांग पर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।
पर्यटन एवं लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने राज्य मंत्री को आश्वासन दिया कि सेतु निर्माण और दोनों गांवों को यातायात सुविधा से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू की जाएगी।
